कांग्रेस के संविधान बचाओ की काट! भोपाल में मीसाबंदी सम्मान, दिल्ली से निकली मशाल यात्रा

Congress Save Constitution Campaign: कांग्रेस की संविधान बचाओ मुहिम की काट निकाल ली है। इसके लिए बीजेपी अब आपातकाल के अत्याचारों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी। इसके लिए बीजेपी एक ओर सालभर तक लगातार कार्यक्रमों का आयोजन करेगी दूसरी ओर दिल्ली से मशाल यात्राएं भी शुरू की जा रही हैं। इसी सिलसिले में आज भोपाल में सीएम हाउस में मीसा बंदियों का सम्मान किया गया।

आपातकाल लागू होने की 50वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री निवास भोपाल में गुरुवार को प्रदेशभर के लोकतंत्र सेनानी , मीसाबंदी जुटे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लोकतंत्री सेनानी सम्मेलन में प्रदेश के उन सेनानियों का सम्मान किया जो इमरजेंसी में जेल गए थे।

मुख्यमंत्री निवास में लोकतंत्र सेनानियों के आगमन पर उनका स्वागत किया गया देश भक्ति के गीत संगीत कार्यक्रम की प्रस्तुति भी वहां हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है किदेश में लोकतंत्र की रक्षा में अनेक सेनानियों ने योगदान दिया है। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए राष्ट्रभक्त कारावास गए और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आपातकाल लागू होने की 50वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों के स्वागत का सौभाग्य मिल रहा है। गौरतलब है कि प्रदेश में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देश के परिपालन में 25 जून से कार्यक्रम प्रारंभ हो गए हैं, जो 25 जून 2026 तक चलेंगे। 25 जून को इंदौर में विशेष कार्यक्रम के बाद भोपाल में 26 जून को प्रादेशिक लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन हो रहा है।भारत में 25 जून 1975 को लागू किए गए आपातकाल को लोकतांत्रिक इतिहास का काला दौर मानते हुए संविधान हत्या दिवस के रूप में अधिसूचित किया गया है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 11 जुलाई 2024 को अधिसूचना भी जारी की है।

क्या है कांग्रेस की मुहिम?

कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर संविधान बदलने की कोशिशों का आरोप लगा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सदन से सड़क तक यह आरोप लगा चुके हैं कि बीजेपी संविधान में बदलाव करना चाहती है। इसके लिए उन्होंने बीजेपी नेताओं के कुछ बयानों का भी हवाला दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी 400 सीटें इसलिए चाहती है, ताकि वह मर्जी से संविधान में बदलाव कर सके। हालांकि बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों से इंकार किया है।

मध्य प्रदेश में कमिश्नर-कलेक्टर करेंगे मशाल यात्राओं का स्वागत

नई दिल्ली से प्रारंभ हो रही छह मशाल यात्राएं देश के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करेंगी। प्रदेश में 25 जून 2025 से 25 जून 2026 तक संविधान हत्या दिवस कार्यक्रमों के अंतर्गत विविध गतिविधियों के संचालन के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में विभिन्न विभाग कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। आपातकाल की अवधि में नागरिक स्वतंत्रता के व्यापक निलंबन, संवैधानिक सुरक्षा उपायों के क्षरणऔर व्यापक उत्पीड़न के दौर को लोकतंत्र पर धब्बा माना गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संविधान हत्या दिवस कार्यक्रमों के अंतर्गत संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जनभागीदारी के साथ कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के सभी संभागायुक्त और कलेक्टर अपने कार्यक्षेत्र में मशाल यात्राओं के आगमन पर प्रदर्शनी और फिल्म प्रदर्शन के कार्यक्रम करवाएंगे।