Hemant’s first dialogue with Nari Shakti: प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनने के बाद पहले दिन हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी का पहला कार्यक्रम महिला मोर्चा के साथ किया। उन्होंने महिला संसद में शिरकत की। आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर भाजपा मॉक पार्लियामेंट आयोजित कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को भोपाल में यह आयोजन था, इसमें प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा, हितादंन शर्मा, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर शामिल हुई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि महिलाओं को सम्मान जिन देशों में होता है, वह देश तेजी से तरक्की करता है। उन्होंने कहा कि कुछ सालों पहले हमारे फाइटर पायलट अभिनंदन गलती से पाकिस्तानी सीमा में चले गए थे लेकिन पाकिस्तानी की हिम्मत नहीं हुई उस पर आंख उठाने की। जब हमारे यहां आतंकियों ने हमला किया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने पाकिस्तान में जाकर गोले गिराए। हमारी सेना ने बता दिया कि आतंकी जहां होंगे वहां घुसकर उन्हें मारा जाएगा। यह नए भारत की ताकत है। आॅपरेशन सिंदूर केवल सैन्य आॅपरेशन का नाम नहीं यह महिलाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक था। सीएम ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि आॅपरेशन सिंदूर को लेकर सरेंडर होने की बात करना देश का अपमान है।
इंदिरा ने संविधान को कुचलने का काम किया: खंडेलवाल
हेमंत खंडेलवाल ने महिला संसद को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को आगे ले जाने के लिए महिला सम्मान और उन्हें साथ ले चलने की जरुरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। दुनिया के कई देशों में यह व्यवस्था है, उन देशों में अब भारत भी शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सब को साथ लेकर चलने से मजबूत होता है, लेकिन इंदिरा गांधी ने ऐसा नहीं किया। आपातकाल में लाखों लोगों को जेल में भेज दिया गया। अटल बिहारी, लाल कृष्ण आडवानी की कोई गलती नहीं थी, वे सिर्फ कांग्रेस के राजनीतिक विरोधी थे, इसलिए उन्हें जेल भेज दिया गया। ऐसी घटनाओं ने लोकतंत्र को कमजोर किया। आपातकाल के काले अध्याय को बताना जरुरी है।
इस कार्यक्रम में बाद खंडेलवाल को उज्जैन रवाना होना है। इसलिए वे जल्द अपना भाषण देना चाहते थे। महिला मोर्चा की अध्यक्ष माया नरोलिया के बाद वे भाषण देना चाहते थे, लेकिन मंच संचालन कर रही मोर्चा की पदाधिकारी ने प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को भाषण देने के लिए बुला लिया। हितानंद शर्मा ने जल्द अपना भाषण पूरा किया, इसके बाद मंच संचालन के भाषण देने के लिए पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा का नाम लिया, लेकिन वीडी शर्मा ने मंच से इशारों में बताया कि खंडेलवाल को पहले बोलने दिया जाए, ताकि वे महाकाल दर्शन के लिए रवाना हो सकें।
खंडेलवाल पहुंचे महाकाल दरबार में
हेमंत खंडेलवाल बाबा महाकाल के दर्शन करने जा रहे हैं। उन्होंने भोपाल में भी अपने दिन की शुरूआत पूजा अर्चना कर की, भाजपा दफ्तर पहुंचकर भी उन्होंने सबसे पहले अपने चैंबर में भगवान की पूजा की। उज्जैन जाने से पहले वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ महिला मोर्चा के कार्यक्रम में शामिल हुए। महिला मोर्चा ने आपातकाल को लेकर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया है। वहीं बुधवार रात को खंडेलवाल ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी।
खंडेलवाल दोपहर में उज्जैन पहुंचेंगे। जहां पर वे बाबा महाकाल के दर्शन और पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वे भोपाल की ओर वापस होंगे। जहां रास्ते भर उनके स्वागत की तैयारी की गई है। उज्जैन के बाद उनका देवास में कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। यहां के बाद सोनकच्छ में भी कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत का कार्यक्रम रखा है। सोनकच्छ के बाद आष्टा और सीहोर के पार्टी कार्यकर्ता भी उनका स्वागत करेंगे।
मंत्री विजय शाह ने की मुलाकात
खंडेलवाल के निवास पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ लगने लगी थी। उन्होंने सभी से यहां पर मुलाकात की। मंत्री विजय शाह भी सुबह खंडेलवाल के निवास पहुंचे, विजय शाह ने उनका स्वागत किया, बधाई दी और दोनों नेताओं में कुछ देर बातचीत भी हुई। वहीं कई जिलों से कार्यकर्ता और नेता भी प्रदेश अध्यक्ष के निवास पर पहुंचे थे। इसके बाद खंडेलवाल प्रदेश भाजपा दफ्तर पहुंचें। यहां पर उन्होंने अपने चैंबर में पहुंचकर सबसे पहले पूजा की। इसके बाद उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। यहां पर कई विधायकों से भी वे मिले।