India Vs England Test: भारतीय टीम पहली पारी में 500 रनों के करीब जाना चाहेगी, बर्मिंघम में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बन सकते हैं गिल

India Vs England Test Series: भारतीय टीम पहली पारी में 500 रनों के करीब जाना चाहेगी, बर्मिंघम में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बन सकते हैं गिलभारतीय कप्तान शुभमन गिल बर्मिंघम टेस्ट में इंग्लैंड के लिए रौड़ा बने हुए हैं। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं।

गिल फिलहाल 114 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। आज यानी मैच के दूसरे दिन उनकी नजरें टीम इंडिया को 500 के पार ले जाने के साथ इतिहास रचने पर होगी। शुभमन गिल बर्मिंघम में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बन सकते हैं। भारत भले ही बर्मिंघम के इस मैदान पर आज तक एक भी मैच नहीं जीत पाया हो, मगर शुभमन गिल समेत 5 भारतीय यहां शतक जड़ चुके हैं। बात यहां सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय की करें तो, यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। किंग कोहली ने बर्मिंघम में 2018 दौरे पर 149 रनों की पारी खेली थी। अगर आज गिल के बल्ले से 36 और रन निकलते हैं तो वह बर्मिंघम के मैदान पर 150 रन बनाने वाले पहले भारतीय बनेंगे। विराट के अलावा यहां ऋषभ पंत- 146, सचिन तेंदुलकर- 122, शुभमन गिल- 114* और रवींद्र जडेजा- 104 रन की पारी खेल चुके हैं।

शुभमन गिल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 7वां शतक जड़ा

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इस सीरीज में बैक टू बैक दूसरा और करियर का 7वां शतक जड़ा। बात वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की करें तो गिल 7 शतकों के साथ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। डब्ल्यूटीसी के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीयों में रोहित शर्मा टॉप पर हैं। रोहित शर्मा ने इस चैंपियनशिप में कुल 9 शतक जड़े हैं। वहीं डब्ल्यूटीसी के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट 18 शतकों के साथ टॉप पर हैं।

हरफनमौला रवींद्र जडेजा को भी बड़ी पारी खेलनी होगी

भारत को अगर पहली पारी में 500 रन का आंकड़ा छूना है तो शुभमन गिल को अपने इस शतक को दोहरे शतक में तबदील करना होगा, वहीं 41 रन बनाकर उनका साथ दे रह हरफनमौला रवींद्र जडेजा को भी बड़ी पारी खेलनी होगी। भारत यहां 2022 में पहली पारी में 416 रन बनाकर हारा था, वहीं लीड्स में भी उन्हें 471 रन बनाने के बावजूद हार मिली थी। ऐसे में टीम इंडिया 500 से कम के स्कोर के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रही होगी। भारतीय टीम निश्चित रूप से इस पिच पर कम से कम 500 रनों के करीब जाना चाहेगी। वहीं इंग्लैंड की टीम चाहेगी कि कल पहले घंटे के खेल में जल्दी से भारतीय टीम को कुछ झटके दिए जाए।