Chhattisgarh High Court Action On DSP Wife: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक डीएसपी की पत्नी द्वारा नीली बत्ती लगी सरकारी कार के बोनट पर जन्मदिन मनाने और इसका वीडियो वायरल होने के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है. कोर्ट ने इस घटना को सरकारी विशेषाधिकारों के दुरुपयोग का गंभीर मामला मानते हुए प्रदेश के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. हाईकोर्ट ने यह भी पूछा है कि इस मामले में अब तक क्या कानूनी कार्रवाई की गई है.
बलरामपुर में डीएसपी की पत्नी का निजी वाहन का दुरुपयोग
यह घटना बलरामपुर जिले की बताई जा रही है, जहाँ डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी ने अपने पति के निजी वाहन (जिस पर नीली बत्ती लगी थी) का दुरुपयोग करते हुए एक सार्वजनिक स्थल पर केक काटा था. वायरल हुए वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि यह कार डीएसपी की है. वीडियो सामने आने के बाद, पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि चालक को अज्ञात बताया गया, जबकि वीडियो में कई लोग स्पष्ट रूप से नजर आ रहे थे. कोर्ट ने इस विसंगति पर भी ध्यान दिया है और अगली सुनवाई एक सप्ताह बाद तय की है, जिसमें मुख्य सचिव से अब तक हुई विधिक कार्रवाई की विस्तृत जानकारी मांगी गई है.
प्रदेश में तीसरा ऐसा मामला, हाईकोर्ट की सख्ती
यह छत्तीसगढ़ में तीसरा ऐसा मामला है जहाँ सड़क पर नियमों का उल्लंघन करके जन्मदिन का केक काटने पर हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है. वायरल हुए वीडियो में, बलरामपुर में 12वीं वाहिनी रामानुजगंज में पदस्थ डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी एक सरकारी वाहन के बोनट पर बर्थडे केक काटती दिख रही थीं. इस जश्न में कई अन्य लोग भी शामिल थे, जो केक काटने के बाद कार का गेट खोलकर स्टंट करते हुए भी नजर आए. यह वीडियो अंबिकापुर शहर के एक रिसॉर्ट, सरगवा पैलेस परिसर का बताया जा रहा था. वीडियो वायरल होने के बाद आम जनता ने इस कृत्य पर तीखे सवाल उठाए थे और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. इस मामले में पहले ही डीएसपी की पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, लेकिन हाईकोर्ट अब इस पर सरकार से सीधे जवाब-तलब कर रहा है.