MP के सात जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट: नर्मदा समेत देश की 19 नदियां खतरे के निशान से ऊपर, कई क्षेत्रों में बाढ

Heavy rain alert in seven districts of MP: देशभर में मानसून जमकर बरस रहा है। कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश हो रही है। मध्यप्रदेश में नर्मदा नदी समेत देश की 19 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। दूसरी ओर देशभर के शहरी क्षेत्र तालाब बने हुए हैं। मध्यप्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल, गुजरात, छग लगभग सभी राज्यों में शहरों को बुनियादी ढांचे की खामियों का सामना करना पड़ रहा है।

निचली बस्तियों में भी जल भराव से परेशानी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में चार जगह, बिहार और ओडिशा में दो-दो जगह और मध्य प्रदेश में एक जगह नदी का जल स्तर सामान्य से ऊपर बाढ़ की स्थिति में पहुंच गया है। सीडब्ल्यूसी की ताजा बुलेटिन के मुताबिक कुल 19 जगह नदियों का जलस्तर चेतावनी के निशान से ऊपर है। उत्तर प्रदेश में घाघरा नदी एल्गिन पुल और अयोध्या में चेतावनी के निशान को पार कर गई है, जबकि फर्रुखाबाद और बदायूं में गंगा नदी का जल चेतावनी स्तर को पार कर गया है। मध्यप्रदेश के मंडला, डिंडौरी, श्योपुर, शहडोल, उमरिया समेत कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं।

आज 7 जिलों में बाढ़ का खतरा है। मौसम विभाग ने अति भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट है। सीहोर, हरदा, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, कटनी, डिंडौरी, उमरिया में भारी बारिश हो सकती है।