दर्शक जिस घड़ी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह आ गई है! ब्लॉकबस्टर फिल्म कांतारा के सीक्वल की रिलीज़ डेट और मुख्य अभिनेता ऋषभ शेट्टी का फर्स्ट लुक सामने आ गया है, जिसने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह भर दिया है. साल 2022 में रिलीज़ हुई कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी. अब होम्बले फिल्म्स ने ऋषभ शेट्टी के जन्मदिन के खास मौके पर फिल्म के प्रीक्वल ‘कांतारा: चैप्टर 1’ का नया लुक पोस्टर जारी कर फैंस को एक बड़ा तोहफा दिया है.
ऋषभ शेट्टी का इंटेंस लुक और धमाकेदार रिलीज़ डेट
होम्बले फिल्म्स ने नए पोस्टर को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “जहां लीजेंड का जन्म होता है और जंगली जानवरों की दहाड़ गूंजती है, कांतारा – उस मास्टरपीस का प्रीक्वल जिसने लाखों लोगों को प्रभावित किया है. लीजेंड के पीछे की अग्रणी शक्ति को बधाई.” इस पोस्ट में ऋषभ शेट्टी की पहली झलक के साथ ही फिल्म की रिलीज़ डेट पर भी बड़ा अपडेट दिया गया है.
‘कांतारा: चैप्टर 1’ के नए लुक वाले पोस्टर में ऋषभ शेट्टी को एक गुस्से वाले अंदाज़ में दिखाया गया है, जिसमें उनके हाथ में एक कुल्हाड़ी और ढाल है. आग के गोले से निकलते हुए उनके इस इंटेंस लुक को देखकर फैंस ने सोशल मीडिया पर कमेंट्स की झड़ी लगा दी है.
टीज़र से मिला था कहानी का संकेत
बता दें कि मेकर्स ने ‘कांतारा: चैप्टर 1’ का फर्स्ट लुक टीज़र पहले ही जारी कर दिया था. उस टीज़र से यह संकेत मिला था कि ‘कांतारा’ फिल्म की कहानी जहां और जिस जंगल में खत्म हुई थी, यह प्रीक्वल वहीं से शुरू होगा. ‘कांतारा’ में शिवा का किरदार निभाने वाले ऋषभ शेट्टी जंगल में जाकर गायब हो जाते हैं, और अब आगे की कहानी और भी शानदार और रहस्यमयी होने की उम्मीद है. यह प्रीक्वल दर्शकों को उस पृष्ठभूमि और पौराणिक कथाओं में गहराई से ले जाएगा, जिससे ‘कांतारा’ की मूल कहानी जुड़ी हुई है.