Bhopal Vision-2047: लंबे इंतजार के बाद भी भोपाल मास्टर प्लान जारी नहीं हो सका है, लेकिन अब मास्टर प्लान के साथ-साथ विजन डाक्यूमेंट-2047 तैयार किया जा रहा है। शहर को लेक सिटी के रूप में जाना जाता है, लेकिन इस विजन डाक्यूमेंट में स्लम फ्री टूरिज्म सिटी बनाने पर फोकस होगा। साथ ही बेहतर ट्रैफिक प्लान के साथ फिल्म सिटी, एजुकेशन और मेडिकल हब बनाने की योजना भी बनायी जा रही है। इसके चलते अब मास्टर प्लान 2047 के जारी होने की संभावना अगले महीने के अंत की बन रही है।
मास्टर में ये है खास
विजन डॉक्यूमेंट में टीएंडसीपी के मास्टर प्लान के साथ शहर के विकास से जुड़ी सभी एजेंसियों का भी प्लान होगा। यह विजन डाक्यूमेंट गुजरात की तर्ज पर बनाया जा रहा है। दरअसल केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को आजादी के 100 वें वर्ष यानी 2047 तक का अपना विजन तैयार करने को कहा है। स्कूल आॅफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) को विजन डाक्यूमेंट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गयी है। एसपीए के साथ स्मार्ट सिटी, टी एंड सीपी, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, फारेस्ट और प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अफसरों को इसमें शामिल किया गया है। अब यह सभी विभाग अपना प्लान तैयार कर रहे हैं जिसके आधार पर एक डाक्यूमेंट तैयार किया जाएगा।
हेरिटेज संरक्षण पर भी फोकस
इस बार के मास्टर प्लान में हेरिटेज संरक्षण की प्लानिंग के लिए कोर ग्रुप बनाए गए हैं और यह कोर ग्रुप विशेषज्ञों से सलाह कर अपना प्लान बनाएंगे। इस प्लान को एकजाई करके ही विजन डाक्यूमेंट तैयार होगा। ऐसी स्थिति में मास्टर प्लान अब विजन डाक्यूमेंट के साथ ही जारी होगा। जानकारों का कहना है कि विजन डाक्यूमेंट में टी एंड सीपी की तरफ से दो प्लान दिए जाएंगे। इमनें एक तो मौजूदा प्लानिंग एरिया के हिसाब से मास्टर प्लान और दूसरा स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) का प्लान भी होगा।
विजन डाक्यूमेंट का मुख्य उद्देश्य
स्लम फ्री सिटी , बेहतर यातायात प्लान ,शहर के आसपास डेवलप हो रही कालोनियों में सुविधाएं, शहर के भीतर की कालोनियों में सुविधाएं, टूरिज्म सिटी, लेक सिटी, फिल्म सिटी, मेडिकल हब, एजुकेशन हब जैसी भविष्य की जरूरतों के लिए कार्ययोजना।