Major plane accident in Russia: गुरुवार (24 जुलाई) को एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। रूस का एक पैसेंजर प्लेन जो पहले लापता बताया जा रहा था, अब पुष्टि हो गई है कि वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे में विमान में सवार सभी 50 लोगों के मारे जाने की आशंका है। यह विमान अंगारा एयरलाइंस का था और चीन की सीमा से सटे अमूर इलाके के टिंडा शहर की ओर जा रहा था, तभी बीच रास्ते में इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया था।
लैंडिंग के दूसरे प्रयास में हुआ हादसा
रॉयटर्स और रूसी न्यूज एजेंसी इंटरफैक्स की रिपोर्टों के अनुसार, रूस का AN-24 पैसेंजर प्लेन टिंडा हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, विमान की पहली लैंडिंग कोशिश नाकाम रही थी। इसके बाद, वह दूसरी कोशिश के लिए आसमान में चक्कर लगा रहा था और इसी दौरान वह लापता हो गया। बाद में रूसी मीडिया ने दावा किया कि विमान का मलबा मिल गया है। क्षेत्रीय गवर्नर वासिली ओरलोव ने शुरुआती आंकड़ों के आधार पर बताया कि विमान में पांच बच्चों सहित 43 यात्री और छह चालक दल के सदस्य सवार थे।
पायलट की गलती और खराब मौसम का संदेह
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह दावा किया जा रहा है कि पायलट की गलती की वजह से यह हादसा हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पायलट लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान खराब मौसम के कारण ठीक से कुछ भी देख नहीं पाया, जिसके परिणामस्वरूप यह दुखद दुर्घटना हुई।
करीब 50 साल पुराना था दुर्घटनाग्रस्त विमान
यह भी सामने आया है कि साइबेरिया में स्थित अंगारा एयरलाइंस का यह विमान करीब 50 साल पुराना था। इसके टेल नंबर से पता चला है कि इसका निर्माण 1976 में हुआ था। रेस्क्यू टीम हेलीकॉप्टर के जरिए विमान की तलाश कर रही थी, तभी उन्हें जमीन पर विमान का आगे का हिस्सा जलता हुआ दिखाई दिया। यह देखते ही रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने दी अहम जानकारी
टिंडा एयरपोर्ट के अधिकारियों ने इस विमान हादसे को लेकर अहम जानकारी दी है। उन्होंने पुष्टि की है कि पायलट दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, लेकिन उन्होंने पायलट की किसी तरह की गलती को लेकर तत्काल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। अंगारा एयरलाइंस का यह विमान अचानक रडार से गायब हो गया था। क्षेत्रीय आपातकालीन मंत्रालय ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूटने के कुछ ही मिनट बाद रेस्क्यू टीम ने प्लेन क्रैश को लेकर संदेह व्यक्त करना शुरू कर दिया था।