सीएम साय के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ दौरे से पहले उड़ान रद्द, सड़क मार्ग से हुए रवाना

Technical fault in CM Sai’s helicopter: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आज एक अप्रत्याशित समस्या का सामना करना पड़ा, जब उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। वे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए रवाना होने वाले थे, जहां उन्हें करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करना था।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने तय कार्यक्रम के अनुसार रायपुर के हेलीपैड पर पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल भी थे। सभी हेलीकॉप्टर में सवार हो गए और हेलीकॉप्टर स्टार्ट भी हुआ, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह उड़ान नहीं भर सका।

सड़क मार्ग से किया गया दौरा

हेलीकॉप्टर में खराबी का पता चलते ही तत्काल सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और सभी को हेलीकॉप्टर से बाहर निकाला गया। इस घटना से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम तुरंत हेलीकॉप्टर की जांच में जुट गई है, ताकि खराबी का पता लगाया जा सके।

इस अप्रत्याशित बाधा के बाद, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सड़क मार्ग से सारंगढ़ जाने का फैसला किया। वे अब सड़क के रास्ते ही अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकल चुके हैं।