कपिल शर्मा की बढ़ी सुरक्षा, फायरिंग और धमकियों के बाद मुंबई पुलिस का बड़ा कदम

लोकप्रिय कॉमेडियन कपिल शर्मा की सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस ने सतर्क रुख अपनाया है। हाल ही में कनाडा स्थित उनके कैप्स कैफे पर दो बार फायरिंग होने और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली जान से मारने की धमकियों के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पुलिस का कहना है कि वे इस बात को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं कि कपिल को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचे। हालांकि, सुरक्षा की नई श्रेणी को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

कनाडा में दो हमलों से बढ़ी चिंता

पिछले एक महीने में कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर दो बार हमले हुए। पहली घटना 10 जुलाई को हुई, जिसमें कैफे को भारी नुकसान पहुंचा था। इस फायरिंग की जिम्मेदारी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े हरजीत सिंह लाडी ने ली थी। इसके बाद 7 अगस्त को एक और फायरिंग की घटना सामने आई, जिसकी जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने स्वीकार की।

धमकी का कारण और गैंग का ऑडियो

कैफे पर हमलों के बाद लॉरेंस ग्रुप से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर का एक ऑडियो सामने आया, जिसमें दावा किया गया कि फायरिंग की वजह ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 3’ के उद्घाटन कार्यक्रम में सलमान खान को बुलाना था। ऑडियो में यह चेतावनी भी दी गई थी कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे निशाना बनाया जाएगा। इसमें यहां तक कहा गया कि अब किसी को चेतावनी देने के बजाय सीधे गोली मारने का रास्ता अपनाया जाएगा। हालांकि, इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

कपिल शर्मा का वर्कफ्रंट

काम के मोर्चे पर कपिल शर्मा इन दिनों अपने लोकप्रिय शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 3’ को होस्ट कर रहे हैं, जो हर शनिवार नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है। इसके अलावा उनकी फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ भी इस साल रिलीज होने के लिए तैयार है।