विंडीज ने 34 साल बाद पाक से जीती वनडे सीरीज, 202 रनों से दी शिकस्त

कप्तान शाई होप के नाबाद 120 रन की बदौलत वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में 202 रन से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ 34 साल बाद वनडे सीरीज जीती है। इससे पहले 1991 में जीत मिली थी। सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान ने जीता था, उसके बाद वेस्टइंडीज ने दूसरे मैच को जीतकर सीरीज बराबर की थी। त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में तीसरे वनडे में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 294 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 92 रनों पर आॅलआउट हो गई।

वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान शाई होप ने 94 बॉल पर नाबाद 120 रन बनाए। इसमें 5 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। उनके अलावा जस्टिन ग्रीव्स ने नाबाद 43, इविन लुईस ने 37 और रोस्टन चेज ने 36 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम के 5 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। जिनमें सैम अयूब, अब्दुल्लाह शफीक, कप्तान रिजवान, हसन अली और अबरार अहमद शामिल हैं। बाबर आजम (9) एक बार फिर फ्लॉप हुए। पाक के लिए सलमान आगा ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। मोहम्मद नवाज ने नाबाद 23 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए जाडेन सील्स ने 6 विकेट लिए। इसके अलावा मोती को दो विकेट मिले। चेज ने एक विकेट लिया। शाई होप को तीसरे वनडे में प्लेयर आॅफ द मैच का अवॉर्ड मिला। वहीं, जडेन सील्स को प्लेयर आॅफ द सीरीज चुना गया, उन्होंने दूसरे वनडे में 3 और पहले वनडे में 1 विकेट लिया था। इस सीरीज में उन्होंने कुल 10 विकेट लिए।

23 वर्षीय जेडन सील्स ने झटके 6 विकेट, स्टेन का रिकॉर्ड तोड़ा

विंडीज के तेज गेंदबाज 23 साल के जेडन सील्स ने तीसरे वनडे में 7.2 ओवर में 18 रन देकर 6 बल्लेबाजों को आउट किया। उन्होंने सईम आयूब, अब्दुल्लाह शफीक, बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, नसीम शाह और हसन अली के विकेट लिए। नई गेंद से बैटिंग पावरप्ले में ही उन्होंने 4 विकेट ले लिए थे। यह पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में किसी भी गेंदबाज का बेस्ट स्पेल है। इससे पहले रिकॉर्ड डेल स्टेन के नाम था। उन्होंने 39 रन देकर पाक के 6 बल्लेबाजों को आउट किया था। वनडे में 18 रन देकर 6 विकेट विंडीज के किसी गेंदबाज का तीसरा सबसे बेस्ट प्रदर्शन है। इससे पहले विंस्टन डेविस ने 1983 में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ लीड्स में 51 रन देकर 7 विकेट लि थे।