भोपाल में ‘मछली परिवार’ के अवैध साम्राज्य पर चला बुलडोजर: ड्रग माफिया की तिमंजिला कोठी जमींदोज, हाईकोर्ट पहुंचा परिवार

Bulldozer runs on illegal empire of ‘Machhli Parivar’ in Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कुख्यात ‘मछली परिवार’ के अवैध साम्राज्य पर आज फिर बुलडोजर चला। जिला प्रशासन ने परिवार की एक और अवैध तिमंजिला कोठी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई आनंदपुर कोकता इलाके के वार्ड नंबर 62 में स्थित परिवार की संपत्ति पर की गई।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

इससे पहले 30 जुलाई को भी जिला प्रशासन ने मछली परिवार की 100 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया था, जिसमें कई मकान, कारखाने, वेयर हाउस, फार्म हाउस और मदरसे शामिल थे। आज की कार्रवाई शारिक अहमद उर्फ मछली, सोहेल अहमद और शफीक अहमद की कोठी पर की गई। ये सभी एमडी ड्रग पैडलर यासीन अहमद उर्फ मछली और शाहवर अहमद उर्फ मछली के परिवार के सदस्य हैं, जिन पर ड्रग तस्करी, महिलाओं के यौन शोषण और उगाही जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

हाईकोर्ट पहुंचा मामला

इस कार्रवाई के खिलाफ शारिक मछली का परिवार हाईकोर्ट पहुंच गया है। उनके वकील का दावा है कि प्रशासन ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया और यह जमीन सरकारी नहीं है। वकील ने कहा कि उनके पास जमीन के सभी दस्तावेज मौजूद हैं और इसी आधार पर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। हालांकि, तेज बारिश के बावजूद भी प्रशासन की कार्रवाई जारी है।

सीएम की सख्त चेतावनी

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की चेतावनी के बाद की जा रही है, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि “महिलाओं पर कुदृष्टि डालने वाले, ड्रग माफिया और लव जिहादियों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ा जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा था कि राज्य सरकार किसी भी अपराधी को नहीं छोड़ेगी और सबको एक-एक कर ठिकाने लगाया जाएगा।