भारत ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंध पर लगाई रोक, एशिया कप में खेलने की मिली अनुमति; खेल मंत्रालय ने जारी की नई नीति

Sports Ministry issues new policy: एशिया कप से पहले, भारत के खेल मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि भारतीय खेल टीमें पाकिस्तान में होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लेंगी और न ही पाकिस्तानी टीमों को भारत में द्विपक्षीय मैच खेलने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, इसका असर एशिया कप पर नहीं पड़ेगा और भारतीय क्रिकेट टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।

खेल मंत्रालय की नई नीति

खेल मंत्रालय ने भारत के अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए एक नई नीति जारी की है, जिसमें पाकिस्तान के साथ खेल संबंधों पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह नीति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत का यह रुख पाकिस्तान के प्रति उसकी समग्र नीति के अनुरूप है।

नीति में यह साफ कहा गया है कि जहाँ तक द्विपक्षीय खेल आयोजनों का सवाल है, भारतीय टीमें पाकिस्तान में भाग नहीं लेंगी और न ही पाकिस्तानी टीमों को भारत में खेलने दिया जाएगा।

एशिया कप पर कोई रोक नहीं

खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप में खेलने से नहीं रोका जाएगा, क्योंकि यह एक बहु-राष्ट्र (मल्टीनेशन) टूर्नामेंट है। सूत्र ने यह भी कहा कि द्विपक्षीय प्रतियोगिताओं के लिए पाकिस्तान को भारतीय धरती पर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी, लेकिन बहु-राष्ट्र टूर्नामेंटों में उनकी भागीदारी पर कोई रोक नहीं लगेगी, क्योंकि भारत ओलंपिक चार्टर का पालन करेगा।