जन्माष्टमी पर कैदियों को तोहफा: मध्य प्रदेश सरकार 14,000 बंदियों को देगी 60 दिन की छूट


Gift to prisoners on Janmashtami: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने राज्य की जेलों में सजा काट रहे कैदियों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। इस फैसले के तहत, करीब 14,000 दंडित कैदियों की सजा में 60 दिन की छूट दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में जेल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य त्योहार के पावन मौके पर कैदियों को एक सकारात्मक संदेश देना है। इस छूट का लाभ उन कैदियों को मिलेगा जो हल्के अपराधों में सजा काट रहे हैं। हालांकि, कुछ गंभीर अपराधों के आरोपियों को इस छूट से बाहर रखा गया है।

गंभीर मामलों के कैदियों को छूट नहीं

सरकार के इस फैसले से लगभग 21,000 में से 14,000 कैदी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आतंकवादी गतिविधियों, लैंगिक अपराधों और हत्या के गंभीर मामलों में शामिल कैदियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। यह कदम कैदियों के बीच अच्छे आचरण को प्रोत्साहित करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने का एक मौका देने के लिए उठाया गया है।

इस घोषणा को राज्य के जेल सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह निर्णय सरकार की मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है और कैदियों के पुनर्वास में सहायता करेगा।