न्यूयॉर्क: न्यूयॉर्क हाईवे पर एक टूरिस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कम से कम पाँच लोगों की मौत हो गई। हादसे के वक्त बस में कुल 54 यात्री सवार थे, जिनमें भारत, चीन और फिलीपींस के पर्यटक भी शामिल थे। यह बस नियाग्रा फॉल्स से लौटते समय न्यूयॉर्क सिटी जा रही थी।
यह हादसा बफ़ेलो से लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) दूर पेम्ब्रोक इलाके के पास हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, बस चालक का ध्यान भटक गया जिसके कारण उसने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस कमांडर मेजर आंद्रे रे ने बताया, “ऐसा माना जा रहा है कि ऑपरेटर का ध्यान भटक गया, उसने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई।” हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि बाकी यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जांच में सामने हादसे की जानकारियाँ
पुलिस ने बताया कि बस में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी और न ही चालक शराब या नशे की हालत में था। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि चालक जीवित है और जांच में सहयोग कर रहा है।
घटना स्थल पर पीड़ितों से संवाद करने के लिए अनुवादक को भेजा गया। वहीं, 8 हेलीकॉप्टरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि राज्य पुलिस और स्थानीय अधिकारी राहत कार्यों में लगे हुए हैं। वहीं, रक्त और अंग दान नेटवर्क कनेक्ट लाइफ ने लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की है। सीनियर अमेरिकी सीनेटर चक शूमर ने कहा, “इस त्रासदी में जान गंवाने वालों और घायलों के परिवारों के लिए मैं प्रार्थना करता हूँ। बहादुर रेस्क्यू टीमों का आभार जिनकी वजह से राहत कार्य संभव हो पाया।”