इमरान ताहिर का ऐतिहासिक प्रदर्शन: 46 साल की उम्र में T20 में 5 विकेट लेकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2025 में गुयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान इमरान ताहिर ने अपनी टीम को एंटीगुआ और बारबुमा फाल्कन्स के खिलाफ 83 रनों की शानदार जीत दिलाई। इस मैच में 46 साल के ताहिर ने गेंद से कमाल करते हुए एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने सिर्फ 4 ओवर में 21 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिससे विरोधी टीम 211 रनों के विशाल लक्ष्य के सामने सिर्फ 128 रनों पर ही ढेर हो गई।

T20 क्रिकेट के सबसे उम्रदराज कप्तान बने

इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ, इमरान ताहिर T20 क्रिकेट में 5 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं। 46 साल और 148 दिन की उम्र में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल करके मलावी के पूर्व कप्तान मोअज्जम अली बेग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मोअज्जम ने 39 साल की उम्र में कैमरून के खिलाफ 5 विकेट लिए थे। ताहिर पहले ऐसे कप्तान भी बन गए हैं, जिन्होंने 40 साल की उम्र के बाद T20 में 5 विकेट हॉल लिया है।

मलिंगा और शाहीन की बराबरी की

इस मैच में अपने पांच विकेट हॉल के साथ, इमरान ताहिर T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक कुल 5 बार यह कारनामा किया है, जिसके साथ उन्होंने लासिथ मलिंगा, शाहीन अफरीदी, भुवनेश्वर कुमार और शाकिब अल हसन जैसे दिग्गज गेंदबाजों की बराबरी कर ली है। T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 7 बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड डेविड वीसे के नाम दर्ज है। ताहिर का यह प्रदर्शन उनकी फिटनेस और अनुभव का बेहतरीन नमूना है।