शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज, कार कंपनी के 6 कर्मचारी भी नामजद

राजस्थान के भरतपुर से बड़ी खबर सामने आई है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामला एक उपभोक्ता की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जिसमें एक कार कंपनी के छह कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि कंपनी ने ग्राहक को मैन्यूफैक्चरिंग डिफेक्ट वाली कार बेची।

शिकायतकर्ता कीर्ति सिंह, जो पेशे से वकील हैं, ने भरतपुर की सीजेएम कोर्ट संख्या-2 में एक निजी शिकायत (इस्तगासा) दायर की थी। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए मथुरा गेट थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने धारा 420 (धोखाधड़ी) समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

पूरा मामला

कीर्ति सिंह ने वर्ष 2022 में करीब 24 लाख रुपये की हुंडई अल्कजार कार खरीदी थी। इसके लिए उन्होंने 51 हजार रुपये एडवांस और 10 लाख रुपये से अधिक का लोन लिया था। खरीद के समय डीलर ने भरोसा दिलाया था कि गाड़ी पूरी तरह सुरक्षित और सही है। लेकिन कुछ समय बाद कार में खामियां सामने आने लगीं।

शिकायत के अनुसार, जब भी वह एक्सीलरेटर दबाते तो इंजन की आरपीएम (RPM) बढ़ जाती, लेकिन कार की स्पीड नहीं बढ़ती थी और गाड़ी तेज़ी से वाइब्रेट करने लगती थी।

डीलर का अजीब तर्क

कीर्ति सिंह का कहना है कि जब उन्होंने शिकायत की तो डीलर ने इसे मैन्यूफैक्चरिंग डिफेक्ट बताते हुए कहा कि यह दिक्कत ठीक नहीं की जा सकती। इसके बजाय उन्हें सलाह दी गई कि जब भी समस्या आए तो कार को एक घंटे खड़ी कर दें और फिर 2000 आरपीएम पर चलाएं, ताकि इंजन मैनेजमेंट सिस्टम की चेतावनी अपने आप हट जाए।

जान को खतरा, फिर दर्ज कराया मुकदमा

इस खराबी के कारण कई बार कीर्ति सिंह और उनके परिवार की जान जोखिम में पड़ गई। लेकिन कंपनी और डीलर ने न तो गाड़ी बदली और न ही सुधार किया। परेशान होकर उन्होंने कार कंपनी, डीलर और ब्रांड एंबेसडर शाहरुख खान व दीपिका पादुकोण पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया।

कीर्ति सिंह का कहना है कि इन सितारों ने खराब गाड़ियों का प्रचार कर ग्राहकों को गुमराह किया, इसलिए वे भी इस मामले में जिम्मेदार हैं।