विवाह प्रस्ताव से एक दिन पहले युवती ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

भोपाल (मध्यप्रदेश): मिसरोद थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक 24 वर्षीय युवती ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पायल बामनिया के रूप में हुई है, जो गांधी मोहल्ला में अपनी मौसी के साथ रहती थी। उसके माता-पिता के अलग होने के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी, जबकि मां मायके में रह रही हैं।

एएसआई चेतन गुप्ता के अनुसार, पायल ने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और मंडीदीप की एक फैक्ट्री में काम करती थी। हाल ही में परिवार ने उसकी शादी के लिए बातचीत शुरू की थी और रविवार को संभावित वर पक्ष का परिवार उससे मिलने आने वाला था।

बताया जा रहा है कि पायल शादी के लिए तैयार नहीं थी और अपने माता-पिता के अलगाव से मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इसी तनाव में उसने शनिवार शाम मिसरोद रेलवे ट्रैक पर यह कदम उठाया।

घटना की सूचना स्टेशन मास्टर ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।