अनूपपुर: कांग्रेस की सभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग जोर पकड़ती नजर आई। सभा में कार्यकर्ता “हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, उमंग सिंघार जैसा हो” के नारे लगाने लगे। इस पर सिंघार ने कार्यकर्ताओं को शांत करते हुए कहा, “2028 अभी दूर है।”
बहुमत मिला तो विधायक नहीं बिकेंगे
सभा के दौरान जब सिंघार से पूछा गया कि क्या 2028 में कांग्रेस की सरकार आएगी और विधायक नहीं बिकेंगे, तो उन्होंने कहा, “जब हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार आएगी तो विधायक बिकने की बात ही क्या है। कई भाजपा नेता हमारे संपर्क में हैं।”
अनूपपुर दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने पहले मां नर्मदा की आरती की और फिर सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “जब तक मेरा जीवन रहेगा, तब तक जनसेवा करूंगा। मैंने कभी नहीं कहा कि मुझे मुख्यमंत्री बनना है। यह पार्टी का विषय है।”
खाद संकट पर सरकार पर हमला
सिंघार ने रीवा में खाद को लेकर हुए विवाद का जिक्र करते हुए कहा, “केंद्र और राज्य सरकार कहती है कि खाद की कमी नहीं है, लेकिन रीवा में किसानों पर लाठियां बरसाई गईं। आखिर यह खाद जा कहां रही है?”
उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा, “कृषि मंत्री होकर भी उन्होंने प्रदेश में खाद की समस्या पर कोई समीक्षा नहीं की। वे पंजाब जाकर फोटो खिंचवा रहे हैं, जबकि यहां के किसान परेशान हैं।”
चुनाव आयोग पर आरोप
सिंघार ने भाजपा पर चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा, “चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है। राहुल गांधी ने सीसीटीवी फुटेज मांगे तो आयोग ने महिलाओं का हवाला देकर देने से इंकार कर दिया। सवाल यह है कि शाम 5 बजे के बाद अचानक 2-5% वोट कैसे बढ़ जाते हैं?”