अबू धाबी: भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कर दिया कि टीम केवल अपने खेल पर ध्यान दे रही है और बाहरी दबाव से दूर रहना चाहती है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को होने वाले हाई-वोल्टेज मैच को लेकर जब उनसे लगातार सवाल पूछे गए, तो उन्होंने प्रतिद्वंद्वी टीम का नाम तक नहीं लिया। लेकिन उन्होंने 140 करोड़ भारतीयों से यह वादा जरूर किया कि उन्हें एक शानदार रविवार देखने को मिलेगा।
भारत और पाकिस्तान का यह एक हफ्ते में दूसरा मुकाबला होगा। 14 सितंबर को हुए पिछले मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था। उस मैच में कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी और सूर्यकुमार की दमदार बल्लेबाजी चर्चा में रही थी, लेकिन “हैंडशेक ड्रामा” भी खूब सुर्खियों में रहा।
सूर्या- “टीम जीतेगी, चाहे सामने कोई भी हो।”
सूर्या ने जीत का श्रेय टीम की तैयारी को दिया। उन्होंने कहा, “हमारी तैयारियां इस टूर्नामेंट से पहले बहुत अच्छी रही हैं। हमने तीन अच्छे मैच खेले। हम बस एक-एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं। अच्छा खेलने वाली टीम जीतेगी, चाहे सामने कोई भी हो।”
उन्होंने खिलाड़ियों से सोशल मीडिया और बाहरी शोर से दूर रहने की अपील भी की। “अपने कमरे में जाइए, फोन बंद करिए और सो जाइए,” सूर्या ने हंसते हुए कहा।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले की खासियत बताते हुए उन्होंने कहा, “पिछले मैच में बल्ले और गेंद का शानदार मुकाबला देखने को मिला। स्टेडियम पूरी तरह भरा हुआ था और भीड़ सबसे बेहतरीन थी।”
अच्छा मैच वो होता है जब मैं भारत के लिए खेलता हूं।
पिछले मैच से पहले हुए ट्रोलिंग पर भी सूर्या ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शुरुआत में आलोचना हुई, लेकिन जीत के बाद सब खुशी में बदल गया। “हमेशा हमें अपने देश से समर्थन मिलता है, चाहे कोई भी मैच हो। यह हमारे लिए गर्व की बात है।”
कप्तान सूर्या ने हर मैच को विशेष बताया। “मेरे लिए सबसे अच्छा मैच वो होता है जब मैं भारत के लिए खेलता हूं। हर बार जब मैं जर्सी पहनकर मैदान में उतरता हूं, तो गर्व और उत्साह से भर जाता हूं। आपने देखा होगा कि राष्ट्रगान के समय मैं आंखें बंद कर लेता हूं। उस समय मैं ईश्वर का धन्यवाद करता हूं और मैच के बारे में सोचता हूं।”
रविवार को होने वाले मुकाबले को लेकर उन्होंने कहा, “यह रविवार है, ज्यादा लोग मैच देखेंगे। सभी बैठकर खेल का मजा लें। हम मैदान में पूरी तीव्रता और ऊर्जा के साथ उतरेंगे और अपनी पूरी ताकत लगाएंगे।”