एयरपोर्ट रोड हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि, नेताओं की अनुपस्थिति पर आक्रोश

इंदौर: एयरपोर्ट रोड पर 15 सितंबर को हुए भयावह ट्रक हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों को रविवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर गम और गुस्से का माहौल देखने को मिला पीड़ित परिवारों ने दुख जताते हुए कहा कि हादसे के इतने दिन बाद भी कोई भी राजनीतिक नेता उनके घर हालचाल पूछने नहीं आया। लोगों का कहना था कि जनता की पीड़ा को नजरअंदाज करना नेताओं की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

शराब पीकर चला रहा था ट्रक

जांच में सामने आया कि ट्रक चालक शराब के नशे में था। हादसे से पहले उसने शहर में प्रवेश करने से पहले दो अलग-अलग स्थानों से शराब खरीदी थी। नशे की हालत में लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसने तीन लोगों की जान ले ली और दर्जनभर से ज्यादा लोगों को घायल कर दिया।

हादसे से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन से जवाबदेही की मांग की। लोगों ने कहा कि यह हादसा केवल लापरवाही का परिणाम नहीं है, बल्कि सड़कों पर बढ़ते खतरे और जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता का सबूत भी है।

मोहल्ले में गहरा सन्नाटा

हादसे से प्रभावित परिवारों के घरों में मातम पसरा हुआ है। मोहल्ले के लोग अब भी सदमे में हैं और उनकी एक ही मांग है कि दोषी चालक को सख्त से सख्त सजा मिले तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए।

यह हादसा न केवल तीन परिवारों की खुशियां छीनकर ले गया, बल्कि पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ठोस कदम उठाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो।