नई दिल्ली: अफगानिस्तान से रविवार, 21 सितंबर को काबुल से दिल्ली आने वाली KAM एयरलाइन की फ्लाइट RQ-4401 में एक 13 वर्षीय लड़का लैंडिंग गियर कम्पार्टमेंट में छुपकर भारत आ पहुंचा। यह विमान काबुल के हामिद करजई एयरपोर्ट से भारतीय समयानुसार सुबह 8:46 बजे रवाना हुआ और सुबह 10:20 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उतरा।
एयरलाइन कर्मचारियों ने फ्लाइट के पास एक नाबालिग को घूमते देखा, जिसके बाद तुरंत CISF और दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई। CISF ने लड़के को हिरासत में लेकर जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया।
जिज्ञासा बनी कारण
पूछताछ में लड़के ने अधिकारियों को बताया कि उसने यह कदम केवल जिज्ञासा के चलते उठाया। वह यह अनुभव करना चाहता था कि विमान के लैंडिंग गियर में छुपकर सफर करना कैसा लगता है। अधिकारियों के अनुसार लड़का अफगानिस्तान के कुंदुज शहर का रहने वाला है।
कैसे पहुंचा विमान तक?
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि लड़का सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर काबुल एयरपोर्ट में घुस गया और किसी तरह विमान के पिछले हिस्से में बने लैंडिंग गियर कम्पार्टमेंट तक पहुंच गया। एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान की पूरी जांच की गई और उसे सुरक्षित घोषित किया गया।
भारत से वापस भेजा गया
इस खतरनाक यात्रा के बावजूद बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। भारतीय अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लड़के को उसी दिन KAM एयरलाइन की फ्लाइट से वापस अफगानिस्तान भेज दिया।
यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती है। विमान विशेषज्ञों का कहना है कि लैंडिंग गियर कम्पार्टमेंट में सफर करना बेहद खतरनाक होता है, क्योंकि वहां ऑक्सीजन की कमी और बेहद ठंडे तापमान के कारण यात्री की जान भी जा सकती है।