एशिया कप 2025: भारत-पाक मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ICC की सुनवाई में शामिल

एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को एक बड़ा विवाद का सामना करना पड़ा है। मैच के बाद दिए गए उनके एक बयान को लेकर उन्हें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की सुनवाई में शामिल होना पड़ा।

राजनीतिक बयान को लेकर ICC की आपत्ति

सूर्यकुमार यादव ने भारत की जीत को सशस्त्र बलों की बहादुरी और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों को समर्पित किया था। ICC ने उनके इसी बयान को ‘राजनीतिक’ माना है। सूर्यकुमार यादव के साथ बीसीसीआई के सीओओ हेमांग अमीन और क्रिकेट संचालन प्रबंधक सुमीत मल्लापुरकर भी ICC मैच रेफरी रिची रिचर्डसन के समक्ष उपस्थित थे। मैच रेफरी रिचर्डसन ने सूर्यकुमार को स्पष्ट किया कि उन्हें भविष्य में कोई भी ऐसा बयान देने से बचना चाहिए जिसे राजनीतिक माना जा सके। इस मामले में सूर्यकुमार को चेतावनी दी जा सकती है या उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया जा सकता है। सुनवाई का निर्णय शुक्रवार को आने की संभावना है।

अन्य विवाद और BCCI की शिकायत

यह अकेला मामला नहीं है। एशिया कप के दौरान भारत-पाकिस्तान के मैचों से जुड़े दो अन्य विवादों को लेकर भी BCCI ने ICC में शिकायत दर्ज कराई है:

भारत और पाकिस्तान के बीच पहले मैच में सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया था। सुपर 4 मुकाबलों के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ी साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ के हाव-भाव पर भी BCCI ने ICC में शिकायत दर्ज कराई है।

ICC इन दोनों मामलों की सुनवाई भी अलग-अलग पैनलों के माध्यम से कर रही है। ICC द्वारा 24 सितंबर से 28 सितंबर तक होने वाले मैचों के दौरान विवादों की निगरानी की जा रही है।