प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पद्मभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र का 89 वर्ष की आयु में निधन, PM मोदी ने जताया शोक

मिर्जापुर/वाराणसी: भारतीय शास्त्रीय संगीत के मूर्धन्य गायक और पद्मभूषण से सम्मानित कलाकार पंडित छन्नूलाल मिश्र का गुरुवार (2 अक्टूबर, 2025) की सुबह मिर्जापुर में निधन हो गया। उन्होंने 89 वर्ष की आयु में सुबह 4:15 बजे अपने आवास पर अंतिम सांस ली।

पंडित जी पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और हाल ही में उन्हें सीने में संक्रमण के चलते वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। हालांकि, स्वास्थ्य में कुछ सुधार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। उनकी बेटी नम्रता ने उनके निधन की पुष्टि की।

वाराणसी में होगा अंतिम संस्कार

पंडित छन्नूलाल मिश्र का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह मिर्जापुर से वाराणसी लाया गया। यहाँ दिन भर लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज शाम 7 बजे बनारस में ही किया जाएगा।

हाल ही में हुए थे अस्पताल में भर्ती

सितंबर महीने में पंडित छन्नूलाल मिश्र को सीने में संक्रमण और हीमोग्लोबिन की कमी के चलते मिर्जापुर से वाराणसी के बीएचयू (BHU) के सर सुंदर लाल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। जांच में सामने आया था कि उन्हें माइनर अटैक भी आया था।

बीएचयू से छुट्टी मिलने के बाद भी उनका इलाज मिर्जापुर और ओझलापुल स्थित रामकृष्ण सेवा मिशन चिकित्सालय में चल रहा था, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी देखभाल कर रही थी।

पीएम मोदी से था खास कनेक्शन

पंडित छन्नूलाल मिश्र का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक विशेष और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जब प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी से चुनाव लड़ा था, तब पंडित छन्नूलाल मिश्र उनके प्रस्तावक बने थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

पंडित छन्नूलाल मिश्र को भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अमूल्य योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था:

उन्हें साल 2010 में यूपीए सरकार द्वारा देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मभूषण’ से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, उन्हें उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार ने ‘यश भारती सम्मान’ से भी नवाजा था।

पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन से भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके जाने से संगीत की एक युग का अंत हो गया है।