भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहाँ झाँकी पंडाल के पास गोली लगने से चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 10 वर्षीय रिया रजक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक और मातम का माहौल है और भंडारे का आयोजन भी रद्द कर दिया गया है।
आतिशबाजी के शोर में छुप गई गोली की आवाज
रिया की पड़ोसी सरला ने बताया कि घटना के समय पंडाल के पास आतिशबाजी की जा रही थी। पटाखों की तेज आवाज के कारण गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी।
घटना के पहले रिया को घर में खेलते समय एक तार से हल्का करंट लगा था, जिसके बाद पिता ने उसे बाहर जाने से मना किया था और उसे हल्दी वाला दूध पिलाया गया था। मोहल्ले के अन्य बच्चे झाँकी पंडाल के पास खेल रहे थे और लोग भंडारे की तैयारियों में लगे थे। इसी बीच रिया खाने की तैयारी देखने का कहकर घर से निकल गई। कुछ ही देर बाद वह एक कुर्सी से जमीन पर गिरी। पास खड़े चाचा राज और अन्य लोगों ने देखा तो उसके कंधे से खून निकल रहा था। लोगों को लगा कि कोई छर्रा लगा होगा, लेकिन बाद में पता चला कि यह गोली थी।
पास में रहने वाले एक पुलिसकर्मी ने तत्काल थाने को सूचना दी। परिजन रिया को लेकर जेके अस्पताल पहुँचे, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मां का रो-रोकर बुरा हाल: “मेरे कलेजे के टुकड़े को मत ले जाओ”
बेटी की मौत के बाद रिया की माँ का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बेसुध होकर एक कोने में बैठी हुई हैं। जब रिया की अर्थी उठाई जा रही थी, तब माँ अपनी बेटी को न ले जाने की जिद करती रहीं, जहाँ तमाम लोगों की समझाइश उन पर बेअसर साबित हुई।
रिया पाँच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसके पिता फिल्टर केन में पानी भरकर सप्लाई करने का काम करते हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुँचे थे। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और उस पंडाल का वीडियो भी सामने आया है जहाँ यह दुखद हादसा हुआ।