नागपुर जाकर बच्चों के इलाज की जानकारी लेंगे सीएम डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कफ सिरप मामले में लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल परासिया क्षेत्र में ही मौजूद हैं। वे पिछले तीन दिनों से लगातार नागपुर अस्पताल में बच्चों के इलाज की जानकारी ले रहे हैं, वहीं पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि नागपुर में बच्चों का इलाज जारी है और उन्होंने डॉक्टरों को सभी बच्चों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इधर, मुख्यमंत्री खुद आज नागपुर पहुंचकर बच्चों के इलाज की जानकारी लेंगे। सीएम और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल नागपुर में कोल्ड्रिफ कफ सीरप पीने के बाद इलाज के लिए भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। उल्लेखनीय है कि आधा दर्जन से अधिक बच्चे अभी नागपुर के अस्पतालों में इलाज करा रहे है। मुख्यमंत्री जहरीले कफ सिरप पीने से दिवंगत हुए बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए देने की घोषणा कर चुके है। सभी उपचाररत बच्चों का इलाज का खर्च मध्यप्रदेश सरकार उठा रही है।