भारतीय टीम की निगाहें सीरीज जीतने पर , गेंदबाजी कोच बोले- प्लेइंग-11 में नहीं होगा बदलाव
भारत और वेस्टइंडीज के बीच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से खेला जाएगा। भारत ने अहमदाबाद में पहला टेस्ट पारी और 140 रन से जीता था। भारत की निगाहें अब सीरीज 2-0 से अपने नाम करने पर होंगी।
टीम इंडिया के बॉलिंग कोच रायन टेन डोश्चेट ने कहा कि दिल्ली टेस्ट में प्लेइंग11 नहीं बदली जाएगी। साई सुदर्शन को एक और मौका मिलेगा। डोश्चेट ने कहा, मुझे लगता है कि पिच पर कुछ भी कहना जल्दबाजी है। अभी तो पिच सूखी नजर आ रही है। इसलिए पेसर्स को मदद मिलने की संभावनाएं कम हैं। दिल्ली में इस तरह की पिच देखकर मुझे कुछ भी नया नहीं लग रहा। टीम इंडिया सीम बॉलिंग ऑलराउंडर को तैयार करने पर ध्यान दे रही है, इसलिए नीतीश को होम कंडीशन में मौके दिए जा रहे हैं। उन्हें यहां खेलने की आदत होगी, तभी वे विदेश के दौरों पर बेहतर कर पाएंगे। नीतीश एक बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं। हम नीतीश की बॉडी को देखकर ही उन्हें मौके दे रहे हैं। ताकि वे ज्यादा से ज्यादा समय तक इंडिया के लिए खेल सकें। ध्रुव जुरेल ने पिछले सप्ताह बेहतरीन शतक लगाया। 3 और 4 नंबर की पोजिशन पर हमेशा फाइट रहती है। शुभमन नंबर-4 पर फिट हो चुके हैं। नंबर-3 पर साई को मौके मिल रहे हैं, लेकिन उन्हें भी पता है कि अगर परफॉर्म नहीं किया तो जगह छिन सकती है।
संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है
भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज: तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, एलिक अथानाजे, ब्रेंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खैरी पियर, जोहान लेन, जायडन सील्स।