भारत के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों को आत्मविश्वास से ओतप्रोत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आईसीसी महिला विश्व कप के मैच में बृहस्पतिवार को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यह मैच डॉ. वाई एस राजशेखर रेड्डी एसीएवीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापट्टनम में आज दोपहर 3 बजे से खेला जाएगा। भारतीय महिला टीम पाकिस्तान और श्रीलंका को हराकर फिलहाल पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है। टीम आज का मैच जीतकर टॉप पर पहुंच सकती है।
साउथ अफ्रीका को पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने हराया, टीम ने दूसरे मुकाबले में वापसी की और न्यूजीलैंड को हराकर पहली जीत दर्ज की। भारत ने भले ही पिछले दोनों मैच जीते हों लेकिन स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रौड्रिग्स के बल्लों से रन नहीं निकलना चिंता का विषय है। तीनों श्रीलंका के खिलाफ नाकाम रहीं थी जिसके बाद हरलीन देयोल, अमनजोत कौर, रिचा घोष और दीप्ति शर्मा ने टीम को संकट से निकाला। भारत की आॅफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने 2 ही मुकाबलों में 6 विकेट झटक लिए हैं। उनके बाद क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने 4-4 विकेट झटके हैं। बल्लेबाजों में हरलीन देओल ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 94 रन बनाए हैं। उनके बाद दीप्ति ने 79 रन बनाए हैं। भारतीय टीम प्रबंधन हालांकि सकारात्मक पहलू देखना चाहेगा कि स्टार बल्लेबाजों के नहीं चलने पर भी जीत टीम की गहराई को दिखती है। लेकिन उन्हें यह स्वीकार करना होगा कि मंधाना, हरमनप्रीत और जेमिमा का बल्ला दक्षिण अफ्रीका या आहस्ट्रेलिया जैसे दिग्गजों के खिलाफ खामोश रहा तो यह निर्णायक साबित हो सकता है । बीमारी के कारण पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर रही तेज गेंदबाज हरफनमौला अमनजोत कौर की फिटनेस पर भी नजरें होंगी । फिट होने पर वह टीम में रेणुका सिंह ठाकुर की जगह लेंगी।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल,हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, अमनजोत कौर/श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़।
साउथ अफ्रीका: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्ज, सुने लुस, मारिजान कैप, अनेके बोश, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायोन, नदिन डी क्लर्क, मसाबाता क्लास, आयाबोंगा खाका और नोन्कुलुलेको मलाबा।