5 दिन के भीतर ही मानसून ने एमपी में अपना रंग दिखाना शुरु कर दिया है। हर तरफ अब पानी ही पानी बरस रहा है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। वहीं नाले नालियाँ बंद होने लगी है। मौसम विभाग ने भिंड और मऊगंज में मानसून की एंट्री के बाद पूरे एमपी में मानसून छाने की घोषणा की। साथ ही विभाग ने एमपी के 6 पूर्वी हिस्से के जिलें सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहाँ आने वाले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर,शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, दमोह समेत 49 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
अलग अलग जगहों पर बारिश से कहर
बारिश के कारण नदियां-नाले उफान पर हैं जिससे कई सड़कों का संपर्क टूट गया है। शिवपुरी में शुक्रवार को उफनती पुलिया पार करते समय एक ट्रैक्टर बह गया। खैर रही कि ट्रैक्टर सवार चार लोगों को समय रहते बचा लिया गया। वहीं, धार जिले के मांडू क्षेत्र की खुज नदी में एक युवक तारों में फंसने से डूब गया। इसका वीडियो वायरल हुआ जिसमें देखा जा सकता है कि युवक को बचाने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन वह तेज बहाव में फंसकर डूब गया। ग्वालियर में तो एक जगह सड़क ही धँस गई। वहीं भोपाल में पिछले दिनों से छाए बादल नहीं बरसे। जिससे लोगों में संशय बना रहा। वहीं गुना में सबसे ज्यादा 2.5 इंच बारिश हुई। ऐसे में शुक्रवार को 20 से ज्यादा जिलों में बारिश का दौर चलता रहा।
मौसम को देखते हुए राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं और लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदियों और पुल-पुलियों को पार न करें। प्रशासन की ओर से स्कूलों को भी अलर्ट पर रखा गया है।