मध्य प्रदेश में 2000 सरकारी स्कूल होंगे मर्ज, 265 हाईटेक सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण जारी

Sandipani schools MP

Sandipani schools MP: मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रदेश के करीब 2000 सरकारी स्कूल, जिनमें छात्रों की संख्या औसत से काफी कम है, उन्हें सांदीपनि विद्यालयों में मर्ज किया जाएगा। इन स्कूलों को ऐसे हाईटेक स्कूलों में मिलाया जाएगा जो 5 किलोमीटर के दायरे में स्थित होंगे। यह योजना शिक्षा को केंद्रीकृत और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

नए सत्र में नहीं होगा प्रवेश

शिक्षा विभाग के अनुसार, राज्य में कई सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या बेहद कम है, जिससे न केवल संसाधनों का दुरुपयोग होता है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। सरकार के इस फैसले के तहत, ऐसे सभी स्कूल जहां छात्र संख्या बहुत कम है या स्कूल पूरी तरह खाली हो चुके हैं, उनमें इस शिक्षा सत्र से नए प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे।

इस साल 116 भवनों को शिफ्ट करने की तैयारी पूरी

इस योजना के अंतर्गत राज्य में 265 नए हाईटेक सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 116 स्कूलों को इस वर्ष नए भवनों में शिफ्ट करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। ये स्कूल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे, जिनमें स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, साइंस लैब और खेलकूद की सुविधाएं शामिल होंगी। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को एक बेहतर और प्रतिस्पर्धी वातावरण मिलेगा जिससे उनकी शिक्षा स्तर में निश्चित रूप से सुधार होगा।

पढ़ाई के बेहतर अवसर मिलेंगे

सरकार का मानना है कि इससे शिक्षकों की उपलब्धता, संसाधनों का समुचित उपयोग और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा प्रणाली अधिक संगठित होगी और बच्चों को पढ़ाई के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह निर्णय आने वाले वर्षों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा देगा और छात्रों को बेहतर भविष्य की ओर तरफ ले जाएगा।