Indore Corona Update: मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस एक बार फिर चिंता का कारण बनता जा रहा है। बीते 24 घंटे में 7 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की टेंशन बढ़ गई है। इन सभी मरीजों को आइसोलेट कर दिया गया है और उनकी ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इसके अलावा, इनसे संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं।
भोपाल भेजे गए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन 7 मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भोपाल लैब भेजे जा रहे हैं, ताकि वायरस के वैरिएंट की पहचान की जा सके। इंदौर में अब तक इस साल कुल 176 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से 131 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। फिलहाल 36 केस एक्टिव हैं।
ट्रैवल हिस्ट्री की जा रही चेक
जानकारी के अनुसार मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्क में आए लोगों की पहचान का जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि संक्रमित सभी व्यक्ति इंदौर के ही निवासी हैं और हल्के लक्षण होने के कारण इन्हें तुरंत आइसोलेशन में रखा गया है।
अबतक हुई तीन मौते
डॉक्टरों की मानें तो शहर में अब भी आरटी-पीसीआर टेस्ट किए जा रहे हैं ताकि संक्रमण की सही स्थिति का पता चल सके। अब तक तीन मौतें, जिनमें एक इंदौर, एक खरगोन और एक रतलाम की महिला शामिल हैं, कोरोना के कारण हो चुकी हैं। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट मोड पर काम शुरू कर दिया है।
ऐसे में जरूरी है कि नागरिक सतर्क रहें, नियमों का पालन करें और किसी भी लक्षण के दिखते ही तुरंत जांच करवाएं।