Women’s T20 World Cup: भारतीय महिला टीम अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के दौरान परिस्थितियों और मैच स्थलों की विशेषताओं को समझने की कोशिश करेगी।
यह मैच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर आज शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा खेला जाएगा। आईसीसी विश्व कप के आयोजन में अभी लगभग एक साल का समय है, लेकिन पिछले साल ग्रुप चरण में बाहर होने वाली भारतीय टीम के लिए यह श्रृंखला बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय टीम प्रबंधन यहां की पिचों की प्रकृति और बदलते मौसम का खेल पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन करना चाहेगा। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा की वापसी के अलावा भारत ने क्रांति गौड़, श्री चरणी और सयाली सतघरे जैसे कुछ नए चेहरों को अपनी टीम में शामिल किया है। भारत का यह इस साल का पहला टी20 मैच है और आॅफ स्पिन आॅलराउंडर स्रेह राणा और तेज गेंदबाजी आॅलराउंडर अमनजोत कौर की वापसी पर सबकी निगाहें रहेंगी। भारत को हालांकि तेज गेंदबाज रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर की कमी खलेगी, जो चोटिल होने के कारण इस श्रृंखला से बाहर हैं। ऐसी परिस्थितियों में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, मंधाना, शैफाली, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष को पहले मैच से ही अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारतीय टीम की इस दौरे पर दोनों अभ्यास मैच में हार का सामना करना पड़ा।
ब्रंट की अगुआई वाली इंग्लैंड की टीम मजबूत
भारत का मुकाबला नैट साइवर-ब्रंट की अगुआई वाली मजबूत टीम से होगा। इंग्लैंड की टीम में एमी जोन्स, टैमी ब्यूमोंट, डैनी व्याट-हॉज और सोफी एक्लेस्टोन जैसे कई अनुभवी खिलाड़ी हैं। इनके अलावा इंग्लैंड इस्सी वोंग, एलिस कैप्सी और सोफिया डंकले जैसी प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को भी मैदान में उतारेगा।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं…
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, स्रेह राणा, श्री चरणी, शुचि उपाध्याय, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे।
इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लट, टैमी ब्यूमोंट (विकेटकीपर), लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फिलर, एमी जोन्स (विकेटकीपर), पैगे स्कोल्फील्ड, ंिलसी स्मिथ, डैनी व्याट-हॉज, इसी वोंग।