धर्मांतरण के आरोपी छांगुर का MP से सीधा कनेक्शन: भोपाल-इंदौर के लव जिहादियों को विदेशी फंडिंग का शक

Love-Jihad in MP: धर्मांतरण के आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर के देश भर में नेटवर्क का खुलासा होने के बाद मध्यप्रदेश और केंद्र की एजेंसियां अब धर्मांतरण से जुड़े एक-एक केस की कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही हैं। इसी सिलसिले में भोपाल -इंदौर के चर्चित लव जिहाद का मामला भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक एजेंसियां यह लिंक खंगालने में जुटी हैं कि कहीं भोपाल और इंदौर के लव जिहादियों को फंडिंग छांगुर बाबा के नेटवर्क के तहत ही तो नहीं की जाती थी। दरअसल अब तक यह रहस्य बना हुआ है कि भोपाल के आरोपियों को पैसा कहां से मिलता था। क्योंकि आरोपियों की लाइफ स्टाइल उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि से मेल नहीं खाती है।

देशभर में नेटवर्क का खुलासा होने के बाद लिंक तलाशने में जुटीं राज्य और केंद्र की एजेंसियां

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में धर्मांतरण के आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर से जुड़े 30 बैंक खातों का पता चला है, जिनमें विदेश से जमकर धन जमा कराया गया। इनमें से 18 खातों में 68 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है। बीते तीन महीने के भीतर ही इन खातों में सात करोड़ रुपये जमा कराए गए। अधिकारियों का मानना है कि यह पैसा विदेशी फंडिंग नेटवर्क के जरिये आया है। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियों अब धर्मांतरण से जुड़े कई मामलों की पड़ताल कर रही हैं। इनमें भोपाल में पिछले दिनों सामने आए कॉलेज की लड़कियों के यौन शोषण और धर्मांतरण का मामला भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक एजेंसियों को शक है कि भोपाल के लव जिहाद मामले का लिंक छांगुर नेटवर्क से हो सकता है। क्योंकि इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की लाइफ स्टाइल उनके परिवार की आर्थिक पृष्ठ से मेल नहीं खाती। गौरतलब है कि भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र के कोकता के पास स्थित निजी कॉलेज की छात्राओं को दोस्ती के नाम पर पहचान कर अपने प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल कर युवतियों को धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के मामले में भोपाल पुलिस चालान पेश कर चुकी है।

इंदौर के कादरी पर 10 हजार का इनाम घोषित कर चुकी है पुलिस

इधर इंदौर में कांग्रेस के पार्षद अनवर कादरी के छांगुर बाबा से कनेक्शन को लेकर जांच तेज हो गई है। यह सामने आया है कि भोपाल और इंदौर में लव जिहाद के आरोपियों को बड़े पैमाने पर फंडिंग हो रही थी। कादरी पर भी हिंदु युवतियों के धर्मांतरण के लिए फंडिंग का आरोप है। ऐसे में लव जिहाद फंडिंग को लेकर अनवर कादरी के सिमी जैसे प्रतिबंधित संगठनों के साथ छांगुर बाबा से कनेक्शन के एंगल को लेकर भी पुुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। कादरी पर पुलिस ने 10,000 का इनाम घोषित किया हुआ है। कलेक्टर आशीष सिंह ने अनवर कादरी पर कड़ी कार्रवाई करते हुए एनएसए लगाया है। इंदौर नगर निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी अनवर कादरी की पार्षदी खत्म करने की मांग उठा चुके हैं ताकि वे अपने पद का दुरुपयोग न कर सकें।

लड़कियों को जाल में फंसाने के लिए की थी मुस्लिम युवकों की फौज तैयार

जांच में पता चला है कि छांगुर ने लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाने के लिए 1,000 मुस्लिम युवकों की फौज तैयार की थी। उसका जाल महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था। उसे विदेश से अकूत धन मिलता था, जिसके जरिये वह अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देता था। हिंदुओं लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने के लिए वह मुस्लिम युवकों को पैसे देता था। नेपाल सीमा से सटे सात जिलों को टारगेट किया गया था। छांगुर की बड़ी राजदार नीतू रोहरा उर्फ नसरीन थी। उसके खाते में चार माह में 14 करोड़ रुपये आए हैं। उन्हें तुरंत निकाल लिया गया। वहीं, उसके पति नवीन उर्फ जलालुद्दीन के खातों में भी 18 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं। एटीएस ने छांगुर के खास सिपहसालारों के बारे में भी पड़ताल शुरू कर दी है। पता चला कि आजमगढ़ में छांगुर के इशारे पर धर्मांतरण कराने वाले दो सिपहसालार क्षेत्र में ही मौजूद हैं। छांगुर के लिए अभी भी दोनों लोग सक्रिय हैं और मामले में हो रही कार्रवाई की जानकारी कर रहे हैं। साथ ही मधपुर का ही एक शागिर्द भी गुपचुप तरीके से पुलिस व एटीएस की कार्रवाई पर नजर रख रहा है।