दुबई में मध्य प्रदेश के लिए निवेश की राह तलाश रहे सीएम मोहन यादव, उद्योगपतियों को दिया खास ‘रिटर्न गिफ्ट’ का ऑफर

CM Mohan Yadav Dubai Visit: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई यात्रा का आज दूसरा दिन है। यात्रा के दूसरे दिन सीएम मध्यप्रदेश में निवेश के व्यापक अवसरों को लेकर उद्योग जगत, वैश्विक कंपनियों और नीति निर्माताओं के साथ संवाद करेंगे। वे यूएई में भारत के व्यापारिक हितों और सहयोग की दिशा में चर्चा करेंगे। उद्योग, तकनीक, टेक्सटाइल, ग्रीन एनर्जी और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. यादव कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की आज भारतीय कोंसुल जनरल से शिष्टाचार भेंट करेंगे जहां वे यूएई में भारत के व्यापारिक हितों और सहयोग की दिशा में चर्चा करेंगे।

बड़े उद्योग स्थापित करने…एक रुपए में जमीन, 10 सालों तक आर्थिक मदद का आॅफर

इसके बाद वे द इंडस एंटरप्रेन्योर्स के चेयरमैन पी.के. गुलाटी से मुलाकात कर स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में संभावनाओं पर संवाद करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव यूएई के विदेश व्यापार मामलों के मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जिÞयोदी से मुलाकात करेंगे। यह बैठक भारत-यूएई के बीच द्विपक्षीय व्यापार सहयोग को नई दिशा देगी। इससे पहले भारतीयों के फ्रैंड्स आॅफ एमपी इंटरनेशनल समूह में डॉ यादव ने कहा कि एमपी आपको बुला रहा है, बेहिचक निवेश करें, हम भी आपको रिटर्न गिफ्ट देने में कोई कमी नहीं रखेंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगर कोई उद्योगपति ऐसा उद्योग लगाता है, जो स्थानीय लोगों को रोजगार देता है, तो राज्य सरकार अगले 10 सालों तक प्रति कर्मचारी 5 हजार रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।

1000 करोड़ से श्रीगणेश…

गौरतलब है कि दुबई में रहने वाले सीए प्रवीण मेहता ने वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए निजी क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत से एक परियोजना और शून्य कार्बन उत्सर्जन वाले सस्टेनेबल सिटी के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया। सीएम डॉ यादव ने मध्यप्रदेश में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, ग्रीन एनर्जी जोन और एक जिला-एक उत्पाद जैसी पहलों की जानकारी दी ।