भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भारत के लिए क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन चुके हैं। लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में वह इस लिस्ट में रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
ऋषभ पंत और हिटमैन के नाम टेस्ट क्रिकेट में अब 88-88 छक्के हैं। अब पंत की निगाहें इस लिस्ट में टॉप पर पहुंचने पर होंगी। भारत के लिए अगर उन्हें सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला बल्लेबाज बनना है तो अगले टेस्ट में कम से कम 4 छक्के और लगाने होंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच 23 जुलाई से चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में खेला जाना है। पंत इस मैच में ही यह कारनामा कर सकते हैं।
बता दें, इस लिस्ट में पहले पायदान पर और कोई नहीं बल्कि वीरेंद्र सहवाग हैं। सहवाग ने अपने टेस्ट करियर में खेले 104 मैचों की 180 पारियों में कुल 91 छक्के लगाए थे। अब उनके सालों पुराने इस रिकॉर्ड को तोड़ने से 27 साल के ऋषभ पंत महज 4 ही कदम दूर हैं। बता दें, पंत ने अभी तक 50 टेस्ट भी नहीं खेले हैं। वह 46 टेस्ट मैचों की 81 पारियों में 88 छक्के लगा चुके हैं।
स्टोक्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ना पंत का सपना
ऋषभ पंत का सपना टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए ही नहीं बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का होगा। फिलहाल यह वर्ल्ड रिकॉर्ड और किसी के नहीं बल्कि इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के नाम है। स्टोक्स अपने करियर के 114 टेस्ट मैचों की 205 पारियों में 133 छक्के लगा चुके हैं। ऋषभ पंत अभी उनसे 45 छक्के दूर हैं। यह दूरी अभी तो काफी नजर आ रही है, मगर आने वाले दो सालों में पंत उन्हें पछड़ने का दम रखते हैं।
चौथे टेस्ट में उपलब्ध रहेंगे ऋषभ पंत: डोशेट
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने ऋषभ पंत की फिटनेस पर अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि चौथे टेस्ट में विकेटकीपिंग के लिए उनकी उपलब्धता अभी तक तय नहीं है। लेकिन वह बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे। मुझे नहीं लगता कि आप ऋषभ को किसी भी हालत में टेस्ट से बाहर रखेंगे। उन्होंने तीसरे टेस्ट में काफी दर्द के साथ बल्लेबाजी की। अब उनकी उंगली पहले से बेहतर होगी। पंत को लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट के दौरान उंगली में चोट लगी थी। वह अभी भी उससे उबर रहे हैं।