भोपाल में मौसम का मिजाज: बारिश थमने से खिली धूप, पर अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना; हवाई सेवाएं हुईं प्रभावित

Weather condition in Bhopal: आखिरकार तीन दिन के बाद बादलों की ओट से सूरज ने तांक झांक शुरू कर ही दी। मानसून ट्रफ लाइन कमजोर होने के कारण राजधानी में चल रही बारिश के दौर से रहवासियों को फिलहाल राहत मिली है। लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही एक और सिस्टम डेवलप हो रहा है जिससे शहर में बारिश का एक दौर फिर शुरू होगा। तीन दिन की बारिश के बाद शहर की फिजा में हल्की ठंडक घुल गयी है। शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया है। अगले 24 घंटों के बारे में मौसम विभाग का अनुमान है कि आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे और शाम के बाद शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

FTL से अब 2.60 फीट दूर है झील

राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में हो रही तेज बारिश के कारण अब बड़े तालाब के जल स्तर में भी इजाफा होने लगा है। आज सुबह यह 1664.30 फीट दर्ज किया गया है। बड़ा तालाब अब अपने एफटीएल से केवल 2.60 फीट ही दूर है। इस समय बड़े तालाब का पेट भरने वाली कोलांस नदी में भी पानी का अब कम होने लगा है। आज यह 1.5 फीट ही रहा।

खराब मौसम के चलते तीन फ्लाइटें लेट पहुंची भोपाल

बारिश और लगातार खराब मौसम के चलते शहर के राजाभोज एयरपोर्ट पर फ्लाइटें अपनी तय समय सीमा से कुछ घंटे देरी से पहुंची है। मुंबई से भोपाल की इंडिगो उड़ान 6ई-397 मुंबई से रात 8.30 बजे की जगह रात 10.35 बजे रवाना हो सकी है। इसके चलते यह फ्लाइट दो घंटे देरी से शहर पहुंची है। वहीं, फ्लायबिग की रीवा उड़ान डेढ़ घंटे की देरी से भोपाल दोपहर 12.35 बजे पहुंची थी, लेकिन यह फ्लाइट भोपाल एयरपोर्ट पर करीब दो बजे पहुंची है। एक अन्य एअर इंडिया की एक दिल्ली, इंडिगो की अहमदाबाद उड़ान भी कुद मिनटों की देरी भोपाल पहुंची है।