मुंबई में दिल दहला देने वाली वारदात: कुशीनगर एक्सप्रेस के कोच में मिला 3 साल के बच्चे का शव

मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पर शुक्रवार (22 अगस्त) की सुबह एक स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। कुशीनगर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22537) के एसी कोच बी-2 के बाथरूम में कूड़ेदान के अंदर एक तीन साल के मासूम बच्चे का शव मिला है। इस भयावह खबर के बाद ट्रेन में और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कुशीनगर एक्सप्रेस 23 अगस्त 2025 को रात 1:05 बजे प्लेटफार्म नंबर 4 पर पहुंची थी। यह ट्रेन काशी एक्सप्रेस (15017) बनकर आगे की यात्रा पर रवाना होती है। ट्रेन की नियमित सफाई के दौरान, सफाई कर्मचारियों ने जब कोच बी-2 के बाथरूम की जांच की, तो उनकी नज़र कूड़ेदान के अंदर पड़े बच्चे के शव पर पड़ी।

चचेरे भाई पर अपहरण का शक

इस मामले की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतक बच्चे की मां ने गुरुवार (21 अगस्त) को सूरत ग्रामीण के अमरोली पुलिस स्टेशन में अपने चचेरे भाई विकास शाह (25) के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस अब विकास शाह की तलाश कर रही है।

घटना की जानकारी तुरंत रात 1:50 बजे स्टेशन प्रबंधक को दी गई, जिसके बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। फिलहाल, मामले की गहन जांच जारी है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया है कि इस घटना से संबंधित एक विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही सौंप दी जाएगी। इस दुखद घटना ने यात्रियों के बीच खौफ और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।