भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से भी संन्यास की घोषणा कर दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा करते हुए लिखा कि आज उनका आईपीएल करियर समाप्त हो रहा है। अश्विन इससे पहले दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को भी अलविदा कह चुके थे।
16 साल का लंबा IPL सफर हुआ खत्म
अश्विन ने आईपीएल में लगभग डेढ़ दशक तक खेलते हुए अपनी खास पहचान बनाई। साल 2009 में चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पहनकर उन्होंने इस लीग में कदम रखा था। इसके बाद वे राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स जैसे फ्रेंचाइजियों के लिए भी खेले। आईपीएल 2025 में वह एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स में लौटे और इसी सीजन के बाद उन्होंने अपने करियर को विराम देने का फैसला किया।
Special day and hence a special beginning.
— Ashwin 🇮🇳 (@ashwinravi99) August 27, 2025
They say every ending will have a new start, my time as an IPL cricketer comes to a close today, but my time as an explorer of the game around various leagues begins today🤓.
Would like to thank all the franchisees for all the…
सोशल मीडिया पर भावुक संदेश
आईपीएल से विदाई लेते हुए अश्विन ने अपने पोस्ट में लिखा, “खास दिन और एक नई शुरुआत। कहते हैं कि हर अंत एक नए आरंभ का संकेत होता है। आज मेरा सफर एक आईपीएल खिलाड़ी के तौर पर खत्म हो रहा है, लेकिन अब मेरी यात्रा अलग-अलग लीगों में नए अनुभवों के साथ शुरू होगी।”
उन्होंने आगे सभी फ्रेंचाइजियों और बीसीसीआई का आभार व्यक्त किया और कहा कि इतने वर्षों की यादों, रिश्तों और अवसरों के लिए वह हमेशा शुक्रगुजार रहेंगे।
आँकड़ों में आर अश्विन का IPL करियर
अश्विन ने आईपीएल में कुल 221 मुकाबले खेले और इस दौरान 187 विकेट हासिल किए। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उन्होंने सबसे ज्यादा 106 मैच खेले और 97 विकेट लिए। राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 2016 में 14 मैचों में 10 विकेट चटकाए। पंजाब किंग्स के साथ दो सीजन में 25 विकेट, दिल्ली कैपिटल्स के लिए 20 विकेट और राजस्थान रॉयल्स के साथ 35 विकेट उनके नाम रहे। अपने अंतिम सीजन में वह सीएसके के लिए 9 मैचों में उतरे और 7 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
अंतरराष्ट्रीय करियर भी शानदार
सिर्फ आईपीएल ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अश्विन का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने भारत के लिए 106 टेस्ट मैचों में 537 विकेट, 116 वनडे में 156 विकेट और 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 72 विकेट चटकाए। अश्विन को दुनिया के सबसे सफल और बुद्धिमान स्पिन गेंदबाजों में गिना जाता है।
नई पारी की ओर
आईपीएल को अलविदा कहने के बाद अब अश्विन का ध्यान दुनिया की अन्य क्रिकेट लीगों पर होगा। उन्होंने अपने संदेश में साफ किया कि यह अंत नहीं बल्कि एक नई शुरुआत है और आने वाले समय में वे खेल से जुड़े नए अवसरों का पूरा आनंद लेने के लिए तैयार हैं।