Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 की शुरुआत में अब सिर्फ 10 दिन बाकी हैं, और उससे ठीक पहले टूर्नामेंट की मैच टाइमिंग में एक बड़ा बदलाव किया गया है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की भीषण गर्मी को देखते हुए, एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने मैचों के समय को आधा घंटा आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है. अब टूर्नामेंट के 19 में से 18 मैच स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होंगे.
ब्रॉडकास्टर ने भी दी मंजूरी
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, यूएई की अत्यधिक गर्मी के कारण सभी क्रिकेट बोर्डों ने मिलकर मैचों के समय में बदलाव की मांग की थी. ब्रॉडकास्टर के अनुरोध को स्वीकार करने के बाद यह बदलाव संभव हुआ है. इसका मतलब यह है कि अब एशिया कप के सभी मैच (एक को छोड़कर) भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होंगे, जिससे खिलाड़ियों को दिन की तेज धूप से राहत मिल सकेगी.
सितंबर के महीने में यूएई में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. ऐसे में, खिलाड़ियों की सुरक्षा और प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
एकमात्र मैच जो दोपहर में होगा
टूर्नामेंट का एकमात्र मैच जो दोपहर में खेला जाएगा, वह 15 सितंबर को अबू धाबी के जायद क्रिकेट स्टेडियम में यूएई और ओमान के बीच होने वाला मुकाबला है. टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर को अबू धाबी में अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच होने वाले मैच से होगी.
टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के रूप में एशिया कप
अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के मद्देनजर, इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है. टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर को होगी और फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा. सभी मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम और जायद क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे.
भारतीय टीम 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. इसके बाद, 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला होगा. भारतीय टीम ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मैच 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ खेलेगी.