भोपाल: अशोका गार्डन इलाके में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ ‘बैड टच’ के आरोप से आहत होकर एक 21 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। आरोप लगाने वाली महिला के साथ युवक का विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी थी। युवक की पहचान ऑटो चालक निखिल अग्रवाल के रूप में हुई है।
पुलिस पहुंची, राजीनामा हुआ, फिर भी नहीं बनी बात
निखिल के भाई निलेश अग्रवाल के अनुसार, गुरुवार को निखिल का अपनी ही बिल्डिंग में किराए पर रहने वाली एक महिला से झगड़ा हो गया था। महिला दूसरे किराएदार से बहस कर रही थी, तभी उसने निखिल की पत्नी को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। इससे नाराज होकर निखिल ने महिला और उसके पति के साथ मारपीट कर दी।
इसके बाद महिला ने अशोका गार्डन थाने में निखिल के खिलाफ बेटी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस निखिल को घर से हिरासत में लेकर थाने ले गई। हालांकि, कुछ घंटों की बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था और निखिल घर लौट आया।
आखिरी बातचीत का ऑडियो आया सामने
थाने से लौटने के बाद महिला ने निखिल को अपने कमरे में बातचीत करने के लिए बुलाया। वहां से लौटने के कुछ देर बाद ही निखिल ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
आत्महत्या से ठीक पहले निखिल ने अपने मकान मालिक से फोन पर बात की थी। उस बातचीत के ऑडियो में वह कह रहा है कि उसने महिला और उसके पति के साथ मारपीट जरूर की है, लेकिन ‘बैड टच’ का आरोप पूरी तरह झूठा है। निखिल के भाई ने बताया कि वह महिला के झूठे आरोपों से बहुत घबरा गया था।