प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के प्लेटिनम जयंती समारोह में देश के सेमीकंडक्टर क्षेत्र की प्रगति पर विस्तार से बात की।
उन्होंने याद दिलाया कि करीब आधी सदी पहले एक विदेशी कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर उत्पादन इकाई लगाने के इरादे से आई थी। लेकिन उस समय उसे हरी झंडी देने के बजाय लाल झंडा दिखाकर वापस भेज दिया गया। प्रधानमंत्री ने इसे उस दौर की सोच और नीतियों का नतीजा बताया।
मोदी ने कहा कि जब उन्होंने सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने का फैसला लिया, तो कई लोगों ने सवाल उठाया कि अब देर हो चुकी है क्योंकि दुनिया के कई देश लंबे समय से इस क्षेत्र में आगे हैं। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि अतीत में हुई देरी का मतलब यह नहीं कि देश हमेशा के लिए रुक जाए। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर योजना तैयार की और काम शुरू कर दिया।
आज स्थिति यह है कि देश में कई सेमीकंडक्टर सुविधाएं स्थापित हो चुकी हैं। “भारत सेमीकंडक्टर मिशन” के तहत अब तक 12 परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। इनमें फैब्रिकेशन यूनिट्स और असेंबली-टेस्टिंग सुविधाएं शामिल हैं। कुछ इकाइयों में व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो गया है और भारतीय चिप्स का निर्यात भी होने लगा है।
प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्रों का भी उल्लेख किया और बताया कि इनमें से कई लोग इन परियोजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सीमाएं तोड़कर आगे बढ़ने से ही देश अपनी असली क्षमता पहचान पाता है।