रायपुर: राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। वीआईपी चौक से एयरपोर्ट तक करीब 9 किलोमीटर लंबी सेंट्रल रोड को आज (सोमवार) से वन-वे कर दिया गया है। अब इस मार्ग से सिर्फ एयरपोर्ट और नवा रायपुर की दिशा में ही वाहन जा सकेंगे, जबकि शहर की ओर लौटने वालों को सर्विस रोड का इस्तेमाल करना होगा। यह व्यवस्था सुबह 8 बजे से लागू हो गई है।
ट्रैफिक पुलिस की सख्ती
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि नए नियम का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना लगेगा।
- पहली बार नियम तोड़ने पर ₹2000 का चालान।
- दूसरी बार पकड़ाए तो ₹5000 का जुर्माना।
- तीसरी बार गलती करने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कर दिया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती दिनों में लोगों को समझाइश दी जाएगी, लेकिन बाद में नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा।
सर्विस रोड पर अव्यवस्था
सेंट्रल रोड के दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई गई है। इन सर्विस रोड पर होटल, रेस्टोरेंट, क्लब और फार्महाउस हैं। यहां वाहन सड़क पर ही पार्क हो जाते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। पुलिस ने सर्विस रोड पर पार्किंग बैन करने और कारोबारियों को अपनी पार्किंग जगह बनाने की शर्त दी थी, लेकिन इसका पालन ठीक से नहीं हो पाया।
नए इंतजाम और जागरूकता
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि एयरपोर्ट और नवा रायपुर की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा था। एयरपोर्ट से लौटते समय रॉन्ग साइड चलने की वजह से हादसे भी होते थे। अब वन-वे व्यवस्था लागू होने से इन समस्याओं पर काबू पाया जा सकेगा। लोगों को नियमों की जानकारी देने के लिए साइन बोर्ड लगाए जाएंगे और अतिरिक्त ट्रैफिक स्टाफ भी तैनात रहेगा।
7 साल पहले बनी थी वन-वे की योजना
एयरपोर्ट रोड को लेकर वन-वे कॉन्सेप्ट कोई नया नहीं है। सात साल पहले रमन सरकार के समय इस रोड को चौड़ा करने की योजना बनी थी। उस वक्त शर्त रखी गई थी कि पेड़ों को काटे बिना सड़क चौड़ी की जाएगी। इसी कारण बीच में 10 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क और दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई गई। तभी यह तय किया गया था कि सेंट्रल रोड को केवल वन-वे रखा जाएगा, ताकि एयरपोर्ट तक यातायात सुगम हो सके।
हालांकि, अंडरपास और डिवाइडर क्लोजिंग की योजना अब तक पूरी नहीं हो पाई है।