भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज होने वाली कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। बैठक का प्रमुख एजेंडा अनूपपुर और बैतूल जिलों में 1320 मेगावाट की क्षमता वाले दो थर्मल पावर स्टेशन को मंजूरी देना है। दोनों पावर प्लांट्स की 660-660 मेगावाट की उत्पादन क्षमता होगी और इन पर लगभग 24,000 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से आने वाले समय में बिजली आपूर्ति को लेकर मजबूती मिलेगी।
औद्योगिक अवसरों पर भी चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया धार दौरे के बाद पीएम मित्रा पार्क से मिलने वाले रोजगार अवसरों और प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों पर भी चर्चा होगी। पिछले सप्ताह सर्वर की धीमी गति और पीएम दौरे के कारण यह बैठक टल गई थी।
शस्त्र पूजन और दशहरा व्यवस्थाएँ
कैबिनेट बैठक में नवरात्र और दशहरा पर्व को लेकर भी विशेष चर्चा होगी। मुख्यमंत्री मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में 2 अक्टूबर को होने वाले शस्त्र पूजन में शामिल होने और चल समारोह की व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दे सकते हैं।मंत्रियों को स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने को भी कहा जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी मुख्यमंत्री ने महेश्वर में शस्त्र पूजन किया था और मंत्रियों को इसी तरह जिलों में शामिल होने के निर्देश दिए थे। हालांकि तब कई मंत्री इन निर्देशों का पालन नहीं कर सके थे।