कोटा: आज सुबह आयकर विभाग ने कोटा समेत चार राज्यों में बड़ी कार्रवाई की। इंद्रप्रस्थ औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर 5 स्थित मित्तल पिगमेंट प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री और उससे जुड़ी अन्य इकाइयों व कारोबारी रमेश चंद्र अग्रवाल के घर पर छापेमारी की जा रही है।
कोटा, दिल्ली, कठुआ, नागपुर के कुल 10 ठिकानों पर सर्च चल रहा है। दिल्ली और हरियाणा से आई 10 से ज्यादा अधिकारियों की टीम इस कार्रवाई में शामिल है। राजस्थान की आयकर अन्वेषण शाखा स्थानीय स्तर पर सहयोग कर रही है।
बड़ी आयकर चोरी का शक
सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई आयकर चोरी की जांच को लेकर की जा रही है। मित्तल पिगमेंट कंपनी जिंक कारोबार और माइनिंग क्षेत्र से जुड़ी है। यहां जिंक और लेड बैटरी की प्लेटें बनती हैं। माना जा रहा है कि आयकर विभाग कंपनी के वित्तीय लेनदेन, खातों और डिजिटल डाटा की गहन जांच कर रहा है।
फैक्ट्री में हलचल
मित्तल पिगमेंट फैक्ट्री में 250-300 कर्मचारी दिन-रात की शिफ्ट में काम करते हैं, जिनमें 50 स्थायी कर्मचारी हैं। आयकर अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को चेकिंग के बाद फैक्ट्री से बाहर भेज दिया है। फैक्ट्री मालिक रमेश चंद्र अग्रवाल के घर पर भी सर्च जारी है।
एनटीपी फैक्ट्रियों में भी छापे
कोटा के जगपुरा और भीमपुरा इलाके में स्थित एनटीपी फैक्ट्रियों पर भी सर्च चल रहा है। यहां ब्राउन सोडा केमिकल और लेड प्लेटों का उत्पादन किया जाता है।
सूत्रों के मुताबिक कारोबारी रमेश अग्रवाल के पास 112 ट्रक हैं, जिनसे माल की सप्लाई की जाती है। कोटा से रोजाना करोड़ों रुपये का माल देशभर में भेजा जाता है।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। छापेमारी देर रात तक जारी रहने की संभावना है। इस कार्रवाई से कोटा के व्यापारिक हलकों में भारी हलचल मच गई है।