कटनी के मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लापरवाही, हादसे का खतरा बढ़ा

कटनी: मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लापरवाही रेलवे प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज होने के बावजूद यात्री नियमों की अनदेखी कर सीधे रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 5 तक प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पटरियां लांघते नजर आते हैं।

वीडियो में कैद लापरवाही

सोमवार को सामने आए वीडियो में श्रमिकों सहित कई यात्री नियमों को दरकिनार कर ट्रैक पार करते दिखे। खास बात यह है कि भट्टा मोहल्ला की तरफ से आने वाले लोग और अस्थायी रूप से पटरियों के पास ठहरे श्रमिक भी खुलेआम ट्रैक पर उतरते नजर आए।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस खतरनाक लापरवाही में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। ट्रेन की आवाजाही के बीच इस तरह पटरियां पार करना किसी भी वक्त गंभीर हादसे को जन्म दे सकता है।

जिम्मेदार विभागों की चुप्पी

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्टेशन प्रबंधन, आरपीएफ और जीआरपी इस समस्या को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज और चेतावनी बोर्ड लगे होने के बावजूद उन पर अमल नहीं किया जा रहा है।

विशेषज्ञों की चेतावनी

रेलवे सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लापरवाही बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को जागरूक करने के साथ-साथ कड़ी कार्रवाई भी जरूरी है, वरना कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।