भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 1 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक कीमत का अवैध डोडा-चूरा जब्त किया है। जिसका वजन 10 क्विंटल 81 किलोग्राम है। इस की कुल कीमत बाजार मे ₹1 करोड़ 62 लाख 15 हजार है। यह मादक पदार्थ एक बोलेरो पिकअप में भरकर ले जाया जा रहा था, जिसकी एस्कॉर्टिंग एक क्रेटा कार कर रही थी।
रायपुर थाना पुलिस और डीएसटी (जिला विशेष टीम) ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी के दौरान इस कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर ड्राइवर मौके से फरार हो गए।
डीएसटी के इनपुट पर कार्रवाई
रायपुर थाना प्रभारी अर्जुन लाल ने बताया कि डीएसटी के कॉन्स्टेबल गोपाल राम से इनपुट मिला था कि डीएसटी इंचार्ज अशोक कुमार गंगापुर से रायपुर की तरफ आ रही दो गाड़ियों का पीछा कर रहे हैं।
पुलिस की जीप को देखकर क्रेटा कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहीं, क्रेटा के पीछे आ रही बोलेरो पिकअप का ड्राइवर गाड़ी को पारवती गांव की ओर एक कच्चे रास्ते पर ले जाने लगा। पीछा करने पर ड्राइवर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। तस्करी में इस्तेमाल हो रही बोलेरो पिकअप और क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में रायपुर थाना प्रभारी अर्जुन लाल, साइबर सेल इंचार्ज आशीष कुमार और डीएसटी टीम के कई अन्य कॉन्स्टेबल शामिल थे।