गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): भारतीय वायुसेना (IAF) ने बुधवार को हिंडन एयर बेस पर अपना 93वां वायुसेना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर Rafale, Sukhoi Su-30MKI, और MiG-29 जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू जेट्स ने भारत की हवाई ताकत का प्रदर्शन किया।
ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियां
इस वर्ष की परेड का मुख्य आकर्षण ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धियों को बताना रहा। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने इस ऑपरेशन को पाकिस्तान के पहलगाम आतंकी हमले का ‘करारा और निर्णायक जवाब’ बताया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुश्मन को शांति वार्ता की मेज पर आने के लिए मजबूर कर दिया था, जो स्वदेशी क्षमता और तीनों सेनाओं के संयुक्त कार्य का बेहतरीन उदाहरण है।
परेड और डिस्प्ले हाइलाइट्स
समारोह की शुरुआत में CDS जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। हिंडन एयर बेस पर हुए प्रदर्शन में स्वदेशी नेत्रा AEW&C, आकाश मिसाइल प्रणाली, अपाचे हेलीकॉप्टर सहित कई प्लेटफॉर्म शामिल रहे। छह दशकों की सेवा के लिए हाल ही में सेवानिवृत्त हुए मिग-21 बाइसन को भी श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायुसेना कर्मियों को बधाई दी।