छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार की देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में स्थित सरकारी शराब दुकान पर तैनात गार्ड की एक युवक ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी, जिसकी पहचान 32 वर्षीय भींगराज बघेल के रूप में हुई है, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भी एक निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात भींगराज शराब खरीदने के लिए खम्हारडीह की सरकारी शराब दुकान पर पहुंचा। उस समय दुकान बंद हो चुकी थी। वहां मौजूद गार्ड संदीप पटेल (35 वर्ष) ने उसे बताया कि दुकान बंद है और शराब नहीं मिल सकती। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन रात करीब 11:30 बजे वह लोहे की रॉड लेकर वापस लौटा।
आरोपी ने गार्ड संदीप पर अचानक हमला बोल दिया और रॉड से उनके सिर व शरीर पर कई प्रहार किए। इस हमले में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक संदीप पटेल बलौदा बाजार जिले के सुंदरी गांव का निवासी था और रायपुर के मोवा-पंडरी क्षेत्र में रहता था।
सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी भींगराज बघेल को हिरासत में ले लिया। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।