इस साल आईपीएल में टूर्नामेंट के इतिहासका दूसरा सबसे तेज शतक जड़कर चर्चा में आए 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अब भारत की सीनियर टीम में आने की तरफ एक और कदम बढ़ाया है।
अंडर-19 टीम की तरफ से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दमदार प्रदर्शन के बाद अब वह रणजी ट्रॉफी में खेलते नजर आएंगे। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी के लिए बिहार की 15 सदस्यों वाली टीम का ऐलान किया है। इसमें सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं सकीबुल गनी टीम की कमान संभालेंगे।
रणजी ट्रॉफी में बढ़िया प्रदर्शन से वैभव सूर्यवंशी के लिए भारत की सीनियर टीम में प्रवेश के दरवाजे खुल सकते हैं। वह आईपीएल इतिहास में न सिर्फ सबसे कम उम में शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं, बल्कि सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय भी हैं। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते नजर आए थे। आईपीएल 2025 से क्रिकेट सनसनी बनकर उभरे वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे पर इंडिया अंडर 19 की तरफ से मेजबान टीम के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में 143 रन की शानदार पारी खेली थी।
बिहार की टीम: सकीबुल गनी (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), पीयूष कुमार सिंह, भास्कर दुबे, अर्नव किशोर, आयुष लोहारुका, बिपिन सौरभ, आमोद यादव, नवाज खान, साकिब हुसैन, राघवेंद्र प्रताप सिंह, सचिन कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, खालिद आलम और सचिन कुमार।