लघु उद्योगों के लिए बड़ी पहल MSME इकाइयों को 200 करोड़ रुपए का अनुदान देंगे CM 

भोपाल, ब्यूरो: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज होटल ताज फ्रंट में एमएसएमई सम्मेलन 2025 में एमएसएमई विकास नीति के अंतर्गत प्रदेश के 48 जिलों की 700 से अधिक इकाइयों को सिगंल क्लिक के माध्यम से 200 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि अंतरित करेंगे।

सम्मेलन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप और उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह भी  उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन एमएसएमई के विकास एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम  को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस मौके पर स्टार्टअप नीति 2025 के अंतर्गत प्रदेश के 80 से अधिक स्टार्टअप को 1 करोड़ से अधिक की सहायता राशि का वितरण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बालाघाट और टीकमगढ़ के उद्यमियों और उद्योग संघों से वर्चुअली संवाद करेंगे। सीएम औद्योगिक क्षेत्रों में विभिन्न उद्यमों को 200 से अधिक भूखण्डों के आवंटन का आशय पत्र वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री 113.78 करोड़ की लागत के 03 नवीन औद्योगिक क्षेत्रों का वर्चुअली शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा सेवा पखवाड़ा अंतर्गत अभियान चलाया जाकर मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत 350 से अधिक हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है। 

कार्यक्रम में 100 से अधिक हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया जाएगा। सम्मेलन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग एवं ओएनडीसी के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होंगे। 7.57 करोड़ रुपए की परियोजना लागत के तीन नवीन कार्यालयभवनों का शिलान्यास किया जाएगा।